🔳 हाईवे पर कैंची क्षेत्र के समीप की घटना
🔳 एकाएक हुई घटना से क्षेत्र में मच गई अफरातफरी
🔳 बेकाबू हुई आग पर फायर ब्रिगेड के जवानों ने पाया काबू
🔳 रेस्टोरेंट स्वामी को एक लाख रुपये से भी अधिक के नुकसान की संभावना
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]
गरमपानी डेस्क : अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में स्थित रेस्टोरेंट में आग धधकने से हड़कंप मच गया। नैनीताल जिला मुख्यालय से पहुंचे दमकल वाहन की मदद से बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। आग से रेस्टोरेंट रखा फर्नीचर व अन्य सामान जलकर राख हो गया। करीब एक लाख रुपये से अधिक का नुक़सान होने का अंदेशा है।
हाईवे पर कैंची क्षेत्र में किराए पर रेस्टोरेंट संचालित करने वाले हर्षित महालक्ष्मी पूजन पर रेस्टोरेंट में पूजा पाठ कर कमरे की ओर रवाना हो गए। देर शाम रेस्टोरेंट से धुआं उठता देख आसपास के लोग सख्ते में आ गए। रेस्टोरेंट स्वामी को घटना की सूचना दी गई। रेस्टोरेंट स्वामी व कैंची पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आग पर काबू पाने को अभियान शुरु किया गया पर आग बेकाबू होती चली गई। रेस्टोरेंट के अंदर काउंटर व फर्नीचर ने भीषण आग पकड़ ली। सूचना जिला मुख्यालय स्थित दमकल सेवा को दी गई। नैनीताल से पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने दमकल वाहन की मदद से बामुश्किल आग पर काबू पाया। गनीमत रही की कोई आग की चपेट में नही आया और बड़ी अनहोनी टल गई। चौकी प्रभारी विजय कुमार के अनुसार आग की घटना का अभी स्पष्ट कारण पता नहीं लग सका है। संभवतः मोमबत्ती से आग पकड़ने का अंदेशा है। नुकसान का आंगणन किया जा रहा है। लगभग एक लाख रुपये से अधिक के नुकसान की संभावना है। स्थानीय लोगों ने होटल संचालक को आग से हुए नुकसान का मुआवजा देने की मांग उठाई है।
