🔳 मानदेय न मिलने से पंप आपरेटर हो चुके मायूस
🔳 पंपिंग सिंचाई योजनाओं में तैनात हैं पंप आपरेटर
🔳 मानदेय लटकने से बिगड़ने लगी है आर्थिक स्थिति
🔳 दीपावली महापर्व पर विभाग ने दो माह के मानदेय का किया भुगतान
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

गरमपानी डेस्क : बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में स्थित सिंचाई पंपिंग योजनाओं में तैनात पंप ऑपरेटरों को दीपावली पर नलकूप खंड रामनगर ने आठ माह के मानदेय में से महज दो महीने के मानदेय का भुगतान कर जख्मों पर मरहम लगा दिया है। महापर्व पर लंबित मानदेय का इंतजार था पर महज दो महीने का भुगतान कर इतिश्री कर दी गई है। पंप आपरेटर संघ ने लंबित मानदेय के भुगतान की मांग उठाई है। स्पष्ट किया है कि अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के तमाम सिंचाई पंपिंग योजनाओं में कार्यरत पंप आपरेटरो की आंखें पिछले आठ महीनों से मानदेय के इंतजार में पथरा गई है। समय पर मानदेय उपलब्ध न होने से पंप आपरेटरो में गहरी नाराजगी व्याप्त है। बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के गांवों में संचालित पंपिंग योजनाओं में पैतीस से अधिक आपरेटर कार्यरत हैं। पंप आपरेटर पूरी निष्ठा से कार्य करते हैं। कड़ी मेहनत करने व ईमानदारी से कार्य करने के बाद पिछले आठ महीने से नलकूप खंड रामनगर ने अब तक मानदेय का भुगतान नहीं किया है। लगातार मांग उठाने पर भी सुध नहीं ली जा रही। पिछले दिनों मानदेय की मांग जोर-शोर से उठने के बाद हरकत में आए विभाग ने पंप आपरेटरो को महज दो महिनें के मानदेय का भुगतान कर दिया है। संगठन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष ललित दानी के अनुसार दीपावली पर आठ महीने के मानदेय के भुगतान की उम्मीद थी पर महज दो महीने का भुगतान कर इतिश्री कर दी गई है। बताया कि प्रतिमाह मानदेय का भुगतान न हो पाने से पारिवारिक स्थिति भी बिगड़ने लगी है‌। बच्चों की स्कूल की फीस तक का भुगतान नहीं हो पा रहा है। पंप आपरेटर दीवान सिंह बिष्ट, मनोज सिंह, मोहन सिंह, रणवीर सिंह, प्रदीप सिंह, रमेश परगांई, गोपाल सिंह, चंदन सिंह आदि ने प्रतिमाह मानदेय का भुगतान किए जाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!