🔳 खैरना बाजार क्षेत्र में सुबह से शाम तक कई बार फंसे रहे वाहन
🔳 वाहनों की कतार लगने से यात्री व पर्यटक रहे परेशान
🔳 बाजार में खरीदारी को पहुंचे ग्रामीण व स्कूली बच्चे ने भी झेली फजीहत
🔳 कैंची में जाम के मद्देनजर रोके गए मालवाहक वाहन
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
गरमपानी डेस्क : विकेंड पर वाहनों का दबाव बढ़ने के साथ ही अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर वाहनों की कतार लगी रही। खैरना बाजार क्षेत्र में भी कई बार जाम की स्थिति बनी रही। कैंची क्षेत्र में जाम के मद्देनजर अहतिआतन मालवाहक वाहनों को भी खैरना के समीप रोक लिया गया। वाहनों का दबाव कम होने के बाद मालवाहक वाहन एक एक कर छोड़े गए।
शनिवार को हाईवे पर वाहनों का दबाव एकाएक बढ़ गया। वाहनों की संख्या में बढ़ोतरी होने से खैरना बाजार क्षेत्र भी जाम की चपेट में आ गया। सुबह से शाम तक बाजार क्षेत्र में कई बार वाहनों की कतार लगी रही जिस कारण आसपास के गांवों से खरीददारी को बाजार पहुंचे ग्रामीणों व स्कूली बच्चों को आवाजाही करने में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों व जाम में फंसे यात्रियों तथा पर्यटकों ने कई बार जाम खुलवाया पर बार बार जाम लगता रहा। कैंची क्षेत्र में भी जाम के मद्देनजर मालवाहक वाहनों को सुबह से ही नैनीताल व अल्मोड़ा जनपद की सीमा पर रोके रखा गया। वाहनों का दबाव कम होने के बाद एक एक कर मालवाहक वाहनों को छोड़ा गया। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष पुष्कर सिंह पनौरा ने गरमपानी खैरना बाजार क्षेत्र में जाम की समस्या के स्थाई समाधान की मांग उठाई है।
