🔳 मल्लाकोट गांव निवासी ग्रामीण ने डीएसओ को भेजा पत्र
🔳 छह महीने से राशन उपलब्ध न कराए जाने पर जताई नाराजगी
🔳 सरकारी राशन की धड़ल्ले कालाबाजारी का लगाया आरोप
🔳 कई बार आवाज उठाए जाने के बाद भी कार्रवाई न होने पर जताया रोष
🔳 पूर्ति निरीक्षक ने सिरे से खारिज किए आरोप
[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]
गरमपानी डेस्क : बेतालघाट ब्लॉक के मल्लाकोट गांव निवासी ग्रामीण ने छह माह से राशन न मिलने पर अब जिला पूर्ति अधिकारी से मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। आरोप लगाया कि सरकारी राशन की धड़ल्ले से कालाबाजारी की जा रही है पर उसे तथा उसके परिवार को छह माह से राशन उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा। कई बार आवाज उठाने के बावजूद सुध नहीं ली जा रही। सीएम पोर्टल तक में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी अधिकारियों के कानों में जूं तक नहीं रेंग रही।
मल्लाकोट निवासी पुष्कर सिंह पनौरा ने जिला पूर्ति अधिकारी मनोज बर्मन को शिकायती पत्र भेज राशन के बदले अब डेथ सर्टिफिकेट उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। शिकायती पत्र के माध्यम से बताया कि राशन डीलर राशन उपलब्ध नहीं करा रहा। छह महीने से लगातार राशन की मांग के बाद भी सुध नही ली जा रही जिस कारण मजबूर होकर बाजार से मंहगे दामों पर राशन खरीदने को मजबूर होना पड़ रहा है। मामले की शिकायत पूर्ति निरीक्षक से भी की जा चुकी है बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही। आरोप लगाया की बड़े पैमाने पर कालाबाजारी की जा रही है। स्पष्ट कहा की यदि विभाग की नजरों में हम मर चुके हैं तो तत्काल मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध करा दिया जाए। पुष्कर सिंह ने कालाबाजारी की जांच पर भी जोर दिया है ताकि गरीबों को उनके हक का राशन उपलब्ध हो सकें। पूर्ति निरीक्षक अनिता पंत ने सभी आरोपों को निराधार करार दिया है। पूर्ति निरीक्षक के अनुसार मामले की जांच कर ली गई है। राशन डीलर के सभी अभिलेख ऑनलाइन डाटा चैक कर लिया गया है। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं मिली है। कार्ड धारक को राशन की सरकारी दुकान में जाने व निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बाद ही राशन उपलब्ध कराया जाता है। पोर्टल बंद होने के बाद पूर्व के महीने का राशन उपलब्ध कराने में विभाग व दुकानदार सक्षम नहीं है।
