🔳 पातली बाजार के व्यापारियों ने नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 व्यवसाय प्रभावित होने से आर्थिक स्थिति बिगड़ने का दिया हवाला
🔳 बैंकों की किस्त व कर्मचारियों को तनख्वाह देने तक को तरसे
🔳 जल्द व्यवस्था में सुधार न होने पर जनांदोलन का ऐलान
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]

कैंची क्षेत्र में जाम की स्थिति से खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे तथा अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित कई बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। पातली बाजार के गुस्साए व्यापारियों ने कारोबार चौपट होने पर नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया की लंबे समय से नुकसान उठाना पड़ रहा है पर जाम की समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा जिसका खामियाजा व्यापारियों को भुगतना पड़ रहा है। बताया कि बैंक की किस्तें व कर्मचारियों को तनख्वाह देना तक भारी पड़ रहा है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर कैंची क्षेत्र में लगने वाला जाम जहां यात्रियों व पर्यटकों के लिए मुसीबत बन चुका है वहीं जाम से कई बाजार क्षेत्रों में भी करोबार चौपट हो चुका है। घंटों तक जाम में फंसने के कारण वाहन चालक कहीं भी रुकना पंसद नहीं कर रहे जबकि पहले छड़ा, लोहाली, पातली, खैरना, गरमपानी समेत तमाम बाजार क्षेत्रों में पर्यटकों व यात्रियों के रुकने से व्यवसाय बेहतर रहता तथा बाज़ार क्षेत्रों में भी चहल पहल रहती पर अब जाम में फंसने से हलकान यात्रियों व पर्यटकों के न रुकने से बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा हुआ है। रविवार को खैरना रानीखेत स्टेट हाईवे पर स्थित पातली बाजार के व्यापारियों ने सड़क पर उतर नारेबाजी की। आरोप लगाया कि लगातार नुकसान बढ़ता जा रहा है पर जाम की समस्या के समाधान को ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे। कारोबार चौपट होने से आर्थिक स्थिति भी बिगड़ते जा रही है। व्यापारियों ने एक स्वर में व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। दो टूक चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्या का समाधान न हुआ तो आसपास के व्यापारियों को एकजुट कर जनांदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इस दौरान व्यापार मंडल अध्यक्ष आनंद सिंह नेगी, मनीष वर्मा, मोहित नेगी, सोनी नेगी, दीपेश सिंह, बालम सिंह, नितीन नेगी, राजेंद्र सिंह रौतेला, राहुल सिंह, गौतम कुमार, बालम सिंह, भुवन राणा आदि व्यापारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!