🔳स्कूली नौनिहालों व राहगीरों पर मंडराया खतरा
🔳आग से जलकर पहुंचा है पोल को नुकसान
🔳पूर्व ग्राम प्रधान ने पोल को बदलने की उठाई मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग पर पुलिया के समीप लकड़ी का विद्युत पोल धराशाई होने के कगार पर पहुंच गया है। आग की चपेट में आकर पोल का निचला हिस्सा कमजोर पड़ चुका है। पोल के कमजोर होने से बड़ी अनहोनी का अंदेशा बना हुआ है। पूर्व ग्राम प्रधान एनके आर्या ने समय रहते पोल बदलने की मांग उठाई है।
ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत पोलों की सुध न लिए जाने से खतरा लगातार बढ़ता ही जा रहा है। बीते दिनों सुयालबाड़ी – नथुआखान मोटर मार्ग पर स्थित बज्युठिया गांव के नजदीक जर्जर हालत में पहुंच चुका विद्युत पोल यात्री वाहन पर जा गिरा। वहीं अब हाइवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले रातीघाट – बुधलाकोट मोटर मार्ग पर लकड़ी का विद्युत पोल जर्जर हालत में पहुंचने से जोखिम कई गुना बढ़ चुका है। मोटर मार्ग के नजदीक पोल के जर्जर हालत में पहुंचने से आवाजाही खतरनाक हो चुकी है। स्कूली बच्चे भी इसी रास्ते से जीआइसी रातीघाट को आवाजाही करते हैं जिससे नौनिहालों की जिंदगी पर भी खतरा बढ़ गया है। पूर्व ग्राम प्रधान घूना एनके आर्या के अनुसार आग के चपेट में आने से लकड़ी के पोल का अधिकांश हिस्सा जल चुका है। कभी भी पोल धराशाई हो सकता है। एनके आर्या ने जर्जर हालत में पहुंच चुके पोलो को तत्काल बदलने की मांग उठाई है।




