🔳पांच घास के लुट्टे व जलौनी लकड़ी आग से जलकर हुई राख
🔳विद्यालय परिसर के नजदीक तक पहुंची लपेट, हवा के झोंके से हुई विकराल
🔳दमकल व पुलिस विभाग ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू
🔳ग्रामीणों की सक्रियता से टल गई बड़ी अनहोनी
🔳गांव के बाशिंदों से की गई सतर्क रहने की अपील
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
भुजान – बेतालघाट मोटर मार्ग पर स्थित खैरनी गांव के नजदीक तक जंगल की आग धधकने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया पर तेज हवा के झोंके ने आग की रफ्तार बढ़ा दी। सूचना पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने समय रहते आग पर काबू पाया। गनीमत रही की बड़ा हादसा टल गया। जंगल की आग से मोटर मार्ग पर भी पहाड़ी से पत्थर गिरते रहे।
जंगलों में धधक रही आग अब आमजन के लिए खतरा बनती जा रही है। गुरुवार को भुजाने – बेतालघाट मोटर मार्ग के ठिक नीचे की पहाड़ी से आग धधक उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप ले लिया। आग की लपटों से आसपास के गांवों में हड़कंप मच गया। धधकती आग मोटर मार्ग से सटे विद्यालय परिसर तक पहुंच गई। ग्रामीणों ने बामुश्किल आग पर काबू पाया। अभी गांव के बाशिंदे विद्यालय परिसर के नजदीक तक पहुंची आग को बुझाने में जुटे ही थे की दूसरे छोर से आग खैरनी गांव तक पहुंच गई। आग ने घास के पांच लुट्टे, व इकठ्ठा की गई जलौनी लकड़ी को भी पलभर में स्वाहा कर दिया। ग्रामीण व गांव की ओर बढ़ रही आग को बुझाने दौड़े। सूचना पर जिला मुख्यालय नैनीताल से दमकल सेवा भी मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम ने ग्रामीणों व बेतालघाट पुलिस की टीम के साथ संयुक्त अभियान चलाकर लगभग तीन घंटे की मशक्कत के बाद बामुश्किल आग पर काबू पाया। हवा के तेज होने से खतरा बढ़ गया है। लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है। इस दौरान हरनाम सिंह, अमरदीप सिंह, जसवीर सिंह, रविन्द्र सिंह, जगदीश सिंह, विनोद सिंह, नवीन पांडे, रोहित सिंह, सतीश बेलवाल आदि मौजूद रहे।
ज्याडी़ गांव से सटा जंगल आग से हुआ राख
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटा ज्याडी़ गांव का जंगल भी आग से खाक हो गया। देखते ही देखते आग ने जंगल के बड़े हिस्से को अपने आगोश में ले लिया। धूं-धूं कर रहे जंगल से वन संपदा को नुकसान होने के साथ ही जंगली जानवरों को भी नुकसान होने का अंदेशा है। जंगल के आग से स्वाहा होने से मवेशियों के लिए चारा पत्ती का भी संकट खड़ा हो गया है। पशुपालन बाजार से महंगे दामों में चारा खरीदने को मजबूर हो चुके है। ग्रामीणों ने जंगलों में आग लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है।




