🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हुए ग्रामीण
🔳 गड्ढा मुक्त अभियान के दौरान किया गया था कार्य
🔳 कार्यों की गुणवत्ता पर उठे गंभीर सवाल
🔳 अधिशासी अभियंता ने किया जल्द सुधार का दावा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सुयालबाड़ी – ढोकाने – छिमी मोटर मार्ग पर गड्ढे मुक्त अभियान की पोल खुल गई है। कुछ समय पहले हुए पेंचवर्क की परतें उधड़ने से कार्यों की गुणवत्ता पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। भारी-भरकम सरकारी बजट से किए गए पेचवर्क के जवाब देने से क्षेत्रवासियों ने गहरी नाराजगी जताई है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दीपावली महापर्व तक प्रदेश की सड़कों को गड्ढे मुक्त करने के निर्देश पर हरकत में आए अफसरों ने धरातल पर तेजी से काम किया। कई नगरीय व ग्रामीण सड़कें गड्ढा मुक्त भी हुई पर अब सड़कों को गड्ढे मुक्त करने को किए गए पेंचवर्क कार्यो की पोल खुलने लगी है। हाईवे से रामगढ़ ब्लॉक के दर्जनों गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सुयालबाड़ी – ढोकाने – छिमी मोटर मार्ग पर किया गया पेंचवर्क जवाब देने से आवाजाही एक बार फिर खतरनाक हो गई है। लगातार खतरा बढ़ने से गांवों के लोग जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हैं। गुणवत्ताविहीन पेंचवर्क के उखड़ने से विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हाईवे से कुछ दूरी तय करने के बाद ही पेंचवर्क की परतें उधड़ने से क्षेत्रवासियों में भी गहरा रोष व्याप्त है। लोगों ने सरकारी बजट से घटिया कार्य किए जाने पर गहरी नाराजगी जताई है। जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है। चेताया है की गुणवत्ताविहीन कार्य बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार कार्यदाई संस्था को दोबारा पेंचवर्क करने के निर्देश दिए गए हैं। लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
