◾आपूर्ति प्रभावित होने से गांवों के वासिदों में नाराजगी
◾कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
◾ पुरानी लाइन के बजाय ट्रांसफार्मर से आपूर्ति सुचारू किए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के भराड़ी गांव के वाशिंदे आए दिन विद्युत आपूर्ति चरमराने से परेशान हैं। ग्रामीणों ने भराड़ी गांव में आपूर्ति दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है। आरोप लगाया है कि कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सिमलखा ग्राम पंचायत के तोक भराड़ी गांव में 15 से ज्यादा परिवार आए दिन विद्युत आपूर्ति चरमरा ने से परेशान है। ग्रामीणों के अनुसार वर्षों पूर्व भराड़ी के नाम से ट्रांसफार्मर भी लगाया गया पर आज तक उक्त ट्रांसफार्मर का लाभ गांवों के बाशिंदों को नहीं मिल सका है। गांव में पुरानी लाइन से ही विद्युत आपूर्ति की जा रही है जिससे आए दिन विद्युत आपूर्ति चरमरा जाती है। घंटों परेशानी का सामना करना पड़ता है। विद्यार्थियों की पढ़ाई भी प्रभावित होती है। ग्रामीणों ने पुरानी लाइन के बजाय सिमलखा में भराड़ी के नाम से लगाए गए ट्रांसफार्मर से ही गांव को विद्युत आपूर्ति किए जाने की पुरजोर मांग की है। उपेक्षा पर आंदोलन की चेतावनी दी है। स्थानीय पान सिंह, नरेंद्र सिंह, गोदावरी देवी, विनोद सिंह, धन सिंह, राकेश सिंह, गजेंद्र सिंह, किशन सिंह, मदन सिंह, करम सिंह आदि ने दो टूक कहा है कि उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
