🔳भविष्य में जलस्रोतों व प्राकृतिक संपदा को नुकसान का जताया अंदेशा
🔳गांव में बैठक कर जताई गई गहरी नाराजगी
🔳निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की उठाई मांग
🔳मनमानी पर आंदोलन की रणनीति तैयार करने का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
रामगढ़ ब्लॉक के बैरोली गांव के ठिक उपर भुजाखान क्षेत्र में जमीन की खरीद फरोख्त कर भारी निर्माण कार्य किए जाने की सुगबुगाहट से ग्रामीणों का पारा चढ़ गया है। बैरोली गांव के बाशिंदों ने बैठक कर निर्माण कार्यों पर रोक लगाने की मांग उठाई है। भविष्य में भारी भरकम मशीनों से जमीन खदान होने से जलस्रोतों व प्राकृतिक संपदा को नुकसान के साथ ही भूस्खलन का भी अंदेशा जताया है। तय हुआ की यदि निर्माण कार्यों पर रोक नहीं लगाई गई तो आंदोलन शुरु किया जाएगा।
बैरोली के भुजाखान क्षेत्र में बाहरी बिल्डर के जमीन की प्लाटिंग कर निर्माण कार्य शुरु करने की सुगबुगाहट से बैरोली गांव के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बैठक कर भविष्य में गांव पर खतरा बढ़ने का अंदेशा जताया है। क्षेत्र पंचायत सदस्य निर्मला जीना ने कहा की वर्षों पूर्व गांव के भोले भाले ग्रामीणों को विश्वास में लेकर जमीन की खरीद फरोख्त की गई। अब वहां छोटे छोटे प्लाट काट कोटेज निर्माण कार्य किए जाने की बात सामने आ रही है। जबकि जमीन को कृषि भूमि के तौर पर खरीदा गया। और अब उद्देश्य बदल व्यवसायिक गतिविधियां शुरु कर दी गई है। आरोप लगाया की शांत गांवों में व्यवसायिक गतिविधियां शुरु होने से भविष्य में भारी-भरकम मशीनें चलने से आसपास के जलस्रोतों को नुकसान होने का खतरा भी बढ़ जाएगा। सर्वसम्मति से तय हुआ की यदि शांत गांवों में बहुमंजिला इमारतें तैयार हुई व भारी भरकम मशीनों से निर्माण कार्य किए गए तो आंदोलन का बिगुल फूंक दिया जाएगा। इस दौरान ग्राम प्रधान शोभा कपिल, सरपंच प्रयाग सिंह, किसन सिंह, प्रताप सिंह, मोहन सिंह, गणेश सिंह, जीवन सिंह आदि मौजूद रहे।




