🔳 ग्रामीणों ने जताया पेयजल टैंक से रिसाव बढ़ने से धंसाव का अंदेशा
🔳 दो सौ मीटर दायरे में दरार से क्षेत्र में मचा हड़कंप
🔳 ग्रामीणों ने खतरा बढ़ने का जताया अंदेशा
🔳 हरकत में आया प्रशासन व जल संस्थान
🔳 जल्द होगा निरीक्षण जरुरत पड़ने पर होगा भूगर्भीय सर्वे
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

एक करोड़ रुपये से भी अधिक के बजट से बनकर तैयार हुई बसगांव पेयजल योजना के पेयजल टैंक से पानी के रिसाव से आवासीय मकानों के निचले हिस्से में धंसाव बढ़ने व लंबी चौड़ी दरारें गहराने से ग्रामीण दहशत में आ गए हैं। ग्रामीणों के अनुसार करीब दो सौ मीटर दायरे में दरार चौड़ी होने से एक दर्जन से भी अधिक आवासीय भवनों पर खतरा बढ़ गया है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट के अनुसार जल्द ही निरीक्षण कर रिसाव का पता लगाया जाएगा। खतरा टालने को भी ठोस उपाय किए जाएंगे।
बेतालघाट ब्लॉक के बंसगाव व आसपास के गांवों को पीने का पानी मुहैया कराने को जल जीवन मिशन योजना के तहत कुछ समय पूर्व बंसगाव पेयजल योजना का निर्माण किया गया। योजना के तहत बनाए गए पेयजल टैंक से बीते दिनों पानी के ओवरफ्लो होने तथा अब टैंक के निचले हिस्से से पानी के रिसाव बढ़ने से नजदीक ही स्थित आवासीय भवनों से कुछ दूरी पर लंबी चौड़ी दरारें सामने आने से गांव के लोग दहशत में आ गए हैं। शुक्रवार को ग्रामीणों ने दरार की स्थिति देखी तो उनके होश उड़ गए। करीब दर्जनभर मकानों के नीचे दो सौ मीटर दायरे में दरार चौड़ी होने तथा धंसाव बढ़ने से आवासीय भवनों पर भी खतरा मंडरा गया है। मामले की सूचना से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। आसपास से भी ग्रामीण दरार का जायजा लेने मौके पर पहुंचे। आवासीय भवनों के ठिक नीचे दरार गहराने से लोगों ने चिंता जताई। स्थानीय अनूप सिंह नेगी के अनुसार यदि समय रहते मामले की सुध नहीं ली गई तो आवासीय भवनों पर कई गुना अधिक खतरा बढ़ सकता है। बताया की धंसाव बढ़ने से रात की नींद तक उड़ गई है। बारिश होने पर खतरा बढ़ने का अंदेशा है। गांव के मोहन सिंह, दीवान सिंह, पूरन सिंह, प्रताप सिंह, लक्ष्मी दत्त नैनवाल ने भी समय रहते खतरा टालने व रिसाव का पता लगाए जाने की मांग उठाई है। चेताया है की यदि मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया तो कभी भी बड़ी घटना सामने आ सकती है। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप सिंह बिष्ट ने बताया की मामले को गंभीरता से लिया जाएगा। तत्काल निरीक्षण कर रिसाव का पता लगाया जाएगा। इधर मामले को लेकर प्रशासन भी हरकत में आ गया है। श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका के अनुसार जल संस्थान के अधिकारियों से रिसाव का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए है‌। आवश्यकता पड़ने पर भूगर्भीय सर्वे भी करवाया जाएगा।

error: Content is protected !!