◾चूवारी गांव के बाशिंदे छह महीने से पानी को तरसे
◾कई बार आवाज उठाए जाने के बावजूद की जा रही अनदेखी
◾बदहाल व्यवस्था पर चढ़ने लगा है ग्रामीणो का पारा
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
पांच करोड़ रुपये की भारी भरकम धनराशि से कोसी नदी पर बनी मझेडा़ – ब्यासी पंपिंग पेयजल योजना से गांव के बाशिंदे बूंद बूंद पानी को तरस रहे हैं। समीपवर्ती चूवारी गांव में ही छह माह से पेयजल आपूर्ति ठप हैं। व्यापारी नेता दुर्गा सिंह बिष्ट ने योजना की जांच की मांग उठाई है।
सरकार ने गांवों में पानी का सूखा खत्म करने को कोसी नदी पर पंपिंग पेयजल योजना निर्माण के लिए पांच करोड़ रुपये की भारी भरकम धनराशि स्वीकृत की। उम्मीद थी की गांवो के बाशिंदे लाभान्वित हो सकेंगे। केंद्रीय रक्षा व पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने बीते कुछ महीने पूर्व धूमधाम से मझेडा़ – ब्यासी पंपिंग पेयजल योजना का लोकार्पण भी कर दिया। योजना निर्माण को कई महीने बीत जाने के बावजूद गांवों के बाशिंदे आज भी पेयजल संकट का सामना करने को मजबूर हैं। आए दिन पेयजल आपूर्ति ठप होने से लोग दूर-दराज से पानी ढोने को मजबूर हो चुके हैं। योजना से एक किमी दूर चूवारी गांव में ही छह महीने से पेयजल आपूर्ति ठप है। गांव के बीस से ज्यादा परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारी नेता दीपक सिंह बिष्ट ने आरोप लगाया है की करोड़ों रुपये की लागत से बनी योजना से पानी न मिलना समझ से परे है। कई बार कहने के बावजूद व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा। व्यापारी नेता ने मामले में जांच कर कार्रवाई किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।




