🔳 बुधलाकोट – पंगूट मोटर मार्ग निर्माण न होने पर चढ़ा पारा
🔳 तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को भेजा ज्ञापन
🔳 18 वर्ष पूर्व बजट स्वीकृति के बावजूद निर्माण न होने पर जताया रोष
🔳 दस मई से बुधलाकोट गांव में आंदोलन का ऐलान
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के बुधालकोट गांव से पंगूट को जोड़ने वाले मोटर मार्ग के बजट स्वीकृति के 18 वर्ष बाद भी अस्तित्व में न आने पर आखिरकार पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है। पंचायत प्रतिनिधियों ने तहसीलदार के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन भेज जल्द सड़क निर्माण का कार्य शुरु न किए जाने पर आगामी दस मई से बुधलाकोट गांव में धरना प्रदर्शन शुरु करने का ऐलान कर दिया है। बताया की यदि मोटर मार्ग निर्माण होगा तो नैनीताल व कैंची क्षेत्र को जाम से भी निजात मिल सकेंगी।
मंगलवार को बेतालघाट ब्लॉक के विभिन्न गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों ने एकजुट होकर बुधलाकोट – पंगूट मोटर मार्ग निर्माण की पुरजोर मांग उठाई। श्री कैंची धाम तहसील मुख्यालय पहुंचे ग्राम प्रधानों ने तहसीलदार नेहा टम्टा के माध्यम से जिलाधिकारी वंदना सिंह को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेजा। ज्ञापन के माध्यम से बताया की करीब 18 वर्ष पूर्व सरकार ने गांवों के लोगों को लाभान्वित करने को करीब सात किमी लंबे बुधलाकोट – पंगूट मोटर मार्ग को स्वीकृति दी। बकायदा बजट को भी हरी झंडी दी गई। लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक मोटर का निर्माण नहीं हो सका है। जिम्मेदार अधिकारी महज वन विभाग की अनापत्ति न मिलने का हवाला दे पल्ला झाड़ ले रहे हैं। आरोप लगाया की अफसरों के उदासीन रवैया का खामियाजा गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। कहा की यदि मोटर मार्ग का निर्माण हो जाए तो अल्मोड़ा हल्द्वानी पर कैंची क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या का समाधान भी हो जाएगा साथ ही नैनीताल व भवाली भी जाम मुक्त होंगे। नाराज पंचायत प्रतिनिधियों ने एक स्वर में जल्द सड़क निर्माण न होने पर आगामी दस मई से बुधलाकोट क्षेत्र में अनिश्चितकालीन धरने प्रदर्शन का ऐलान भी किया। दो टूक कहा की अब मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान ग्राम प्रधान प्रेम नाथ गोस्वामी, प्रधान प्रतिनिधि संजय सिंह बिष्ट, त्रिलोक सिंह शाही, विनोद आर्या, प्रदीप कुमार, लाभाशु सिंह, भुवन चंद्र, सुनीता देवी, दीपा देवी, ललित मोहन, सुमित कुमार आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!