🔳 निर्माण सामग्री का भुगतान दो वर्ष से पड़ा है लंबित
🔳 कई बार उठ चुकी भुगतान की मांग बावजूद नहीं हो रही सुनवाई
🔳 लंबित भुगतान न होने से पूर्व ग्राम प्रधान हुए परेशान
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]

बेतालघाट ब्लॉक के पंचायत प्रतिनिधि कार्यकाल पूरा होने के बाद भी मनरेगा योजना के कर्ज तले दबे हैं। पिछले दो वर्षो से भी अधिक समय से भुगतान लंबित पड़ा है‌। अकेले बेतालघाट ब्लॉक में ही मनरेगा योजना की निर्माण सामग्री का 42.45 लाख रुपये बकाया है।पंचायत प्रतिनिधियों ने भुगतान न होने पर गहरी नाराजगी जताई है। जल्द भुगतान किए जाने की मांग उठाई है।
प्रदेश में नई पंचायतों का गठन होने के बाद अब विकास कार्यों की रुपरेखा तैयार करने की कवायद शुरु हो गई है। खुली बैठकों के माध्यम से योजनाओं के निर्माण का खाका खींचा जाएगा पर बीते पंचवर्षीय योजना में गांव की सरकार चलाने वाले ग्राम प्रधान गांव में केंद्र सरकार की मनरेगा योजना से किए गए कार्यों के भुगतान का आज भी भुगतान कर रहे हैं। पिछले दो वर्षो से भी अधिक समय से मनरेगा कार्य में इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री का भुगतान न होने से तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बेतालघाट ब्लॉक में ही पंचायत प्रतिनिधियों का करीब 42.45 लाख रुपये लंबित पड़ा हुआ है। सरिया, सिमेंट, रेत आदि निर्माण सामग्री के भुगतान के लिए पंचायत प्रतिनिधि कर्ज लेने को मजबूर हो चुके हैं। पर आज भी ब्लॉक मुख्यालय से निर्माण सामग्री का भुगतान नहीं हो सका हैं। समय अधिक होने से दुकानदार पंचायत प्रतिनिधियों पर सामग्री के भुगतान का दबाव भी बनाने लगे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों के अनुसार गांव में कार्य करवाए जाने के बावजूद आज तक भुगतान लंबित पड़े होने से दुकानदार परेशान कर रहे पर सुध नहीं ली जा रही। आरोप लगाया की कई बार गुहार लगाए जाने के बाद भी भुगतान लंबित पड़ा हुआ है। बीडीओ बेतालघाट पंकज जोशी के अनुसार शासन से बजट उपलब्ध न होने से भुगतान में देरी हुई है। बजट मिलते ही निर्माण सामग्री का भुगतान कर दिया जाएगा।