🔳 रामगढ़ ब्लॉक के प्यूडा गांव के क्षेत्र पंचायत सदस्य ने उठाए सवाल
🔳 शिविर में आमजन की बेहद कम मौजूदगी को बताया प्रचार प्रसार की कमी
🔳 महज खानापूर्ति कर रजिस्टर भरने पर जताई नाराजगी
🔳 गांवों से दूर विद्यालय परिसर में शिविर लगाने को भी बताया औचित्यहीन
🔳 बेतालघाट में बीस समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण

*[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]*

रामगढ़ ब्लॉक के राजकीय इंटर कॉलेज प्यूडा में लगे जन सुविधा कल्याण शिविर में क्षेत्रवासियों की संख्या को पंचायत प्रतिनिधियों ने प्रचार प्रसार की कमी करार दे नाराजगी जताई। न्याय पंचायत से पांच किमी दूर शिविर लगाए जाने पर भी सवाल उठाए। आरोप लगाया की शिविरों के नाम पर खानापूर्ति कर दी जा रही है।
गुरुवार को जीआइसी परिसर में लगे शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख दीप चंद्र ने दीप प्रज्वलित कर किया। ब्लॉक प्रमुख ने विभागीय अधिकारियों से क्षेत्र की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने का आह्वान किया। विभिन्न विभागों से पहुंचे अधिकारियों ने विभागीय योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया। शिविर में पहुंचे लोगों ने कई समस्याओं के समाधान पर जोर दिया। क्षेत्र पंचायत सदस्य दियारी भीम सिंह बिष्ट ने न्याय पंचायत प्यूडा के शिविर को पांच किमी दूर जीआइसी में लगाए जाने पर नाराजगी जताई। शिविर में क्षेत्रवासियों की बेहद कम संख्या के लिए प्रचार प्रसार की कमी को जिम्मेदार ठहराया। आरोप लगाया की सरकारी धनराशि कर महत्वपूर्ण शिविर लगाए जा रहे हैं पर आमजन को शिविर का लाभ नहीं मिल रहा।सरकारी बजट की बर्बादी कर इतिश्री कर दी जा रही है। शिविर में राजस्व, कृषि, विद्युत, समाज कल्याण, उद्यान, पशुपालन, जल संस्थान, आंगनबाड़ी, खाद्य विभाग के अधिकारी कर्मचारी समेत प्रधान प्यूडा रेखा बिष्ट, प्रधान सतखोल अमित बिष्ट, प्रधान सतोली , प्रधान सिनोली आदि मौजूद रहे।

बेतालघाट में बीस समस्याओं का मौके पर हुआ निस्तारण

बेतालघाट स्थित मिनी स्टेडियम में लगे शिविर में दर्ज बीस समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। विभिन्न विभागों ने स्टाल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दे लाभ उठाने का आह्वान किया। क्षेत्रीय खाद्य सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने लोगों से तीस नवंबर तक राशन की दुकानों पर पहुंचकर ई केवाईसी करवाने की अपील की। शिविर में बारह विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बीस लोगों ने शिविर में पहुंचकर पंजीकरण करा विभिन्न समस्याएं उठाई। बीडीओ पंकज जोशी ने विभागीय अधिकारियों को समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान के निर्देश दिए।