🔳 वाहन में सवार तीन अन्य ग्रामीण भी घायल
🔳 लोहाली – चमड़ियां मोटर मार्ग पर हुई दुर्घटना
🔳 गांव के लोगों ने रेस्क्यू अभियान चला घायलों को निकाला खाई से बाहर
🔳 प्राथमिक उपचार के बाद चालक हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से तमाम गांवों को जोड़ने वाले लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर पिकअप वाहन असंतुलित होकर करीब दो सौ मीटर खाई की ओर जा गिरा। दुर्घटना से गांव में हड़कंप मच गया। वाहन में सवार ग्रामीणों को स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू अभियान चला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया। गंभीर रुप से घायल वाहन चालक को नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया।
गुरुवार शाम लोहाली गांव निवासी वाहन चालक जितेंद्र बिष्ट पिकअप वाहन यूके 04 – 0244 लेकर खैरना क्षेत्र से लोहाली गांव की ओर रवाना हुआ। रास्ते में तीन अन्य लोग वाहन में सवार हो गए। वाहन लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर राजकीय इंटर कॉलेज के समीप पहुंचा ही था की एकाएक चालक वाहन पर संतुलन खो बैठा। नतीजतन वाहन असंतुलित होकर तीखे ढलान में पलटता हुआ करीब दो सौ मीटर नीचे जा गिरा। वाहन के गिरने से वाहन सवारों की चीख-पुकार मच गई। दुर्घटना की आवाज सुन आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। ग्रामीण बगैर समय गवांए अंधेरा होने के बावजूद दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंचे। वाहन के अंदर फंसे चालक जितेंद्र, छियोडी धूरा गांव निवासी पुष्कर, टम्टा, मोहित कुमार व महेश चंद्र को एक-एक कर बाहर निकाल बामुश्किल सड़क तक पहुंचाया। स्थानीय पवन नेगी, ललित दानी, चेतन जोशी, दिनेश, धाम सिंह आदि ग्रामीणों ने निजी वाहन की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने घायलों का उपचार किया। चालक जितेंद्र को गंभीर चोट होने के कारण हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। खैरना चौकी पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई।
