◾प्राथमिक उपचार के बाद दोनों नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर
◾गांव के बीचोंबीच हुई घटना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल
◾घायलों के शरीर में सूअर ने जगह जगह गड़ाए गहरे दांत
◾घटना के बाद गांव में पसरा सन्नाटा, लोग घरों में कैद
◾ घायलों को मुआवजा दिए जाने की मांग
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव में जंगली सूअर ने दो ग्रामीणों पर जानलेवा हमला बोल दिया। सूअर के हमले से ग्रामीण गंभीर रुप से घायल हो गए। लोगों ने हो हल्ला कर बामुश्किल दोनों को सूअर के चंगुल से बचाया। लहुलुहान हालत में दोनों को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी पहुंचाया गया। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रैफर कर दिया गया है। ग्रामीणों पर हमला करने के बाद सूअर ने एक पालतू कुत्ता भी मार डाला। घटना से पूरे गांव में दहशत का माहौल है।
गांवो में जंगली जानवरों का आंतक लगातार बढ़ गया है। जहां एक ओर गांवों में गुलदार आंतक का पर्याय बना हुआ है वहीं अब जंगली सूअरों के हमलावर होने से गांवों के बाशिंदे खौफजदा हैं। सोमवार को बेतालघाट ब्लॉक के जाख गांव निवासी दीपक चंद्र उपाध्याय तथा जीवन सिंह नेगी रोजाना की तरह सुबह दूध लेकर दूध डेयरी की ओर रवाना हुए। दोनों गांव के नजदीक बनी दूध डेयरी के समीप पहुंचे ही थे की तभी एकाएक जंगली सूअर ने दोनों पर हमला बोल दिया। जंगली सूअर इतना आक्रोशित था की दोनों को जमीन पर पटक दिया। दोनों ग्रामीणों के शरीर पर गहरे दांत गडा़ दिए। गांव के बीचोंबीच हुई घटना से हड़कंप मच गया। गांव के लोग मौके की ओर दौड़े हो हल्ला मचाया पर हमलावर सूअर ने दोनो ग्रामीणों को नहीं छोड़ा। लोगों ने लाठी डंडों से बामुश्किल सूअर को भगाया। स्थानीय चंदन सिंह, तारा सिंह बिष्ट, गणेश नेगी, मोहन पांडे, संतोष नेगी, गिरीश चंद्र, भानु अधिकारी लहुलुहान हालत में दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी गरमपानी लेकर पहुंचे। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया। गांव में हुई घटना से दहशत का माहौल बना हुआ है। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल ने वन विभाग से जंगली सूअर के आंतक से निजात दिलाने तथा दोनों घायलों को मुआवजा देने की मांग उठाई है।




