🔳 आवाजाही करने वाले यात्री व पर्यटक हुए परेशान
🔳 हाईवे के साथ ही रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे तक लगा जाम
🔳 पीआरडी जवानों ने कड़ी मशक्कत से सुचारु कराया यातायात
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना बाजार क्षेत्र में दो वाहनों की टक्कर से हड़कंप मच गया। गनीमत रही की कोई चोटिल नहीं हुआ और बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना से बाजार क्षेत्र में काफि देर तक जाम की स्थिति बनी रही। खैरना पुलिस की टीम ने बामुश्किल यातायात सुचारु करवाया। आवाजाही सुचारु होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
शुक्रवार को खैरना चौराहे पर केएमओ बस यूके 04 पीए 0956 तथा विपरीत दिशा से आ रही कार यूके 04 टीसी 0049 की टक्कर से बाजार में अफरातफरी मच गई। बाजार में दोनों वाहनों के टकराने से जाम की स्थिति पैदा हो गई। जाम में फंसे वाहनों की कतार अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे के साथ ही रानीखेत खैरना स्टेट हाईवे तक भी पहुंच गई। स्थिति बिगड़ती देख खैरना चौकी से पीआरडी के जवान धर्मेंद्र कुमार व आंनद सिंह मौके पर पहुंचे। दोनों वाहनों को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु करवाने का प्रयास शुरु किया गया। इस बीच जल्दी निकलने के फेर में कई वाहन चालकों ने वाहन आड़े तिरछे फंसा दिए। पीआरडी जवानों ने चालकों को कड़ी फटकार लगा वाहनों को पीछे करवाया तब जाकर बामुश्किल यातायात सुचारु हो सका।