🔳राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल में पड़ा पानी का अकाल
🔳भोजनमाता भी सिर पर बर्तन रख पानी ढोने को मजबूर
🔳पेयजल व्यवस्था चरमराने से अभिभावकों में नाराजगी
🔳जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने की उठाई मांग

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे सुयालबाड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल में विद्यार्थी बूंद बूंद पानी को तरस गए है। हलक तर करने के लिए करीब दो सौ मीटर दूर जाना मजबूरी बन चुका है। विद्यालय में भोजन बनाने को भी भोजनमात सिर पर बर्तन रख दूर दराज से पानी ढोकर विद्यालय तक पहुंच रही है। अभिभावकों ने व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग उठाई है।
गांवों के बाशिंदों के साथ ही अब स्कूली नौनिहाल भी बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। सुयालबाड़ी क्षेत्र में स्थित राजकीय कन्या जूनियर हाईस्कूल विद्यालय में भी पीने के पानी का अकाल पड़ चुका है। पेयजल संकट होने से नौनिहालों को तमाम परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है जबकि विद्यालय में तैनात शिक्षिकाओं व अन्य कर्मचारी भी परेशान है‌। मजबूरी में नौनिहाल विद्यालय से लगभग दो सौ मीटर दूर सार्वजनिक पेयजल टैंक के पानी से हलक तर कर रहे हैं। भोजनमाता भी टैंक से बर्तन में पानी भरकर विद्यालय पहुंचा रही है तब जाकर बामुश्किल नौनिहालों के लिए मध्याह्न भोजन तैयार किया जा रहा है। क्षेत्रवासियों ने विद्यालय की सुध न लिए जाने से गहरी नाराजगी जताई है। आरोप लगाया है की नौनिहालों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है‌। शिक्षक अभिभावक संघ अध्यक्ष खीमा नंद सुयाल के अनुसार कई बार पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई जा चुकी है पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। पेयजल संकट होने से बच्चे व शिक्षक परेशान हैं। साफ कहा है की यदि जल्द व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो अभिभावकों को साथ लेकर आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी।

error: Content is protected !!