🔳 मूल तैनाती स्थल पर लौटने के जारी हुए आदेश
🔳 सीएचसी सुयालबाड़ी में सेवा देंगे चारों स्वास्थ्य कर्मी
🔳 राष्ट्रीय सेवा संघ ने अव्यवस्था पर किया था आंदोलन का ऐलान
🔳 सीएमओ बोले – व्ववस्था में सुधार को उठाए जाएंगे ठोस कदम
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में स्वास्थ्य सेवाओं को चाक चौबंद करने के लिए राष्ट्रीय सेवा संघ के धरना प्रदर्शन के ऐलान के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। तैनाती स्थल से दूर दूसरे अस्पतालों में सेवा दे रहे चार स्वास्थ्य कर्मियों की संबद्धता को तत्काल निरस्त कर सीएचसी सुयालबाड़ी में तत्काल सेवा देने के निर्देश दिए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत के अनुसार व्यवस्थाओं में सुधार को ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा तमाम गांवों के मध्य में स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में स्वास्थ्य कर्मियों की कमी व समुचित स्वास्थ्य सेवा का लाभ न मिलने से नाराज राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महासचिव व ग्राम प्रधान सिमराड़ भारतेन्दु पाठक की अगुवाई में तमाम पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने मुख्य चिकित्साधिकारी को हस्ताक्षरयुक्त ज्ञापन भेज जल्द व्यवस्थाओं में सुधार न होने पर आठ नवंबर से अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन का ऐलान किया था। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर नारेबाजी भी की थी। राष्ट्रीय सेवा संघ व ग्रामीणों के ऐलान को गंभीरता से ले स्वास्थ्य विभाग ने सीएचसी में व्यवस्थाओं के सुधार को कदम बढ़ाने शुरु कर दिए है। चिकित्सा स्वास्थ्य व परिवार कल्याण निदेशक स्तर से नेत्र सहायक महेंद्र सिंह पछाई, नर्सिंग अधिकारी गंगा सिंह बिष्ट तथा लैब टैक्नीशियन अनिता चौहान व एक्स रे टैक्नीशियन हेमंत कुमार सिंह की संबद्धता तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी है। चारों स्वास्थ्य कर्मियों की तैनाती तो सीएचसी सुयालबाड़ी में थी पर ये सभी लंबे समय से किच्छा, जसपुर व अन्य अस्पतालों में सेवा दे रहे थे। ऐसे में गांवों के लोगों को लाभ नहीं मिल पा रहा था। राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महासचिव भारतेन्दु पाठक के अनुसार स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार को लगातार संघर्ष किया जाएगा। सूदूर गांवों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को भविष्य में भी लड़ाई लड़ी जाएंगी। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत ने बताया की संबद्धता समाप्त होने के बाद चारों स्वास्थ्य कर्मियों को सीएचसी सुयालबाड़ी में सेवा देने के निर्देश दिए गए हैं।
