🔳 पंचायती राज विभाग ने प्रस्ताव किया तैयार
🔳 बजट की स्वीकृति के लिए शासन को भेजा
🔳 लंबे समय से झेल रहे थे बदहाली का दंश
🔳 व्यवस्था में सुधार के बाद पंचायत भवनों में होगी गांव की बैठकें
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे पंचायत भवनों की हालत में सुधार की उम्मीद जग गई है। ब्लॉक मुख्यालय से करीब तेरह पंचायत भवनों की मरम्मत व अन्य व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है। बीडीओ पंकज जोशी के अनुसार बजट को स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।
बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में पंचायत भवन लंबे समय से खस्ताहाल है। पंचायत भवनों की देखरेख न होने से हालत बिगड़ चुके हैं। हालत इतने खराब हो चुके हैं की अब पंचायत भवनों में गांव की खुली बैठक तक नहीं हो पा रही। विद्यालय भवनों तथा खुले मैदान में बैठकें करना मजबूरी बन चुकी है पर अब हालात बदलने जा रहे हैं। पंचायती राज विभाग ने बदहाल पंचायत भवनों के हालातों में सुधार को खाका तैयार कर लिया है। संबंधित विभाग ने ब्लाक के तेरह गांवों में स्थित पंचायत भवनों को चिह्नित कर रंग रोगन, मरम्मत, बिजली पानी समेत अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त कराने के लिए प्रस्ताव तैयार कर लिया है। विभागीय अधिकारियों ने कई दौर के निरीक्षण के बाद सेठी बेलगांव, मझेडा, बिनकोट, बारगल, कफूल्टा, मल्ला निगलाट, उल्गौर, हरतपा, सिल्टोना, बसगांव, सूखा, तल्ला गांव, कटिमी गजार आदि गांवों में बने पंचायत भवनों को दुरुस्त करने को प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। बीडीओ पंकज जोशी ने बताया की अमेल व चापड गांव में स्थित पंचायत भवन के मरम्मत का काम पूरा कर लिया गया है। भतरौजखान में कार्य गतिमान है। शेष तेरह पंचायत भवनों के लिए बजट आवंटित होते ही कार्य शुरु करवा दिया जाएगा।
