🔳भीषण आग की चपेट में आई हाइवे से सटी थुआ की पहाड़ी
🔳पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से बचे कई यात्री वाहन
🔳गरमपानी खैरना बाजार के नजदीक तक आग पहुंचने से दहशत में क्षेत्रवासी
🔳पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट))))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटी थुआ की पहाड़ी में आग धधकने से हड़कंप मच गया। पहाड़ी से गिरे पत्थरों की चपेट में आने से कई यात्री वाहन बाल बाल बच गए। खैरना, गरमपानी बाजार के नजदीक तक आग की लपटें पहुंचने से क्षेत्रवासी दहशत में हैं। एक के बाद एक जंगलों के धधकने से वन विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल ने वन विभाग के अफसरों पर कुंभकरणीय नींद में होने का आरोप लगाया है।
कोसी घाटी क्षेत्र में जंगलों के धधकने का सिलसिला तेज हो गया है। सोमवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटी थुआ की पहाड़ी में आग भड़क उठी। कुछ ही देर में आग की लपटें विकराल होती चली गई। चीड़ के पेड़ व अन्य पौधे भी आग की चपेट में आकर राख हो गए। पहाड़ी में आग लगने से हाइवे पर पत्थरों की बारिश शुरु हो गई। दो पांखी, रातीघाट, पाडली, रामगाढ़ आदि क्षेत्रों में लगातार पत्थर गिरते रहे। कई यात्री वाहन पत्थरों की चपेट में आने से बाल बाल बच गए। गनीमत रही की बडा़ हादसा टल गया। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट सतीश नैनवाल ने जंगलों में लगातार लग रही आग के बावजूद ठोस कदम न उठाए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। वन विभाग के अफसरों पर जंगलों की उपेक्षा किए जाने का आरोप लगाया। पूर्व प्रमुख सतीश नैनवाल के अनुसार अफसर एयर कंडीशनर कमरों से बाहर नहीं निकल पा रहे और जंगल आग से राख होते जा रहे हैं।




