🔳 जाम की समस्या से तमाम बाजारों में व्यवसाय चौपट
🔳 शनिवार व रविवार को पटरी से उतर जा रहा कारोबार
🔳 सप्ताह में दो दिन व्यवस्था दुरुस्त न रहने पर व्यापारियों में नाराजगी
🔳 यातायात व्यवस्था में सुधार को ठोस उपाय किए जाने की मांग
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित सुप्रसिद्ध कैंची धाम में विकेंड पर आस्था का सैलाब उमड़ने से यातायात व्यवस्था लड़खड़ा जा रही है। व्यवस्था में सुधार को तमाम रणनीति के बावजूद हाईवे पर दिनभर वाहन रेंगते रह जा रहे है। जाम की समस्या से पर्यटकों के कैंची से आगे न बढ़ने से तमाम बाजार क्षेत्रों में पर्यटन व्यवसाय भी चौपट हो चुका है। व्यापारियों ने सप्ताह में महज दो दिन यातायात व्यवस्था दुरुस्त न रख पाने पर गहरी नाराजगी जताई है।
रविवार को कैंची धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी होने व वाहनों का दबाव बढ़ने से अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर यातायात व्यवस्था पटरी से उतरती चली गई। हाईवे पर जगह जगह यात्री वाहन रेंगते रहे। आवाजाही करने वाले यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।विकेंड पर जाम की समस्या से पर्यटकों के कैंची से आगे न बढ़ पाने से गरमपानी, खैरना, छड़ा, चमड़ियां, लोहाली, काकड़ीघाट, सुयालबाड़ी, नैनीपुल, भुजान, पातली समेत तमाम बाजार क्षेत्रों में सन्नाटा पसर जा रहा है जिस कारण व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष खैरना गजेंद्र सिंह नेगी, मनीष तिवारी, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, गोविंद सिंह नेगी, संजय सिंह, मनोज बिष्ट, फिरोज अहमद, सुनील मेहरा ने सप्ताह में महज दो दिन कैंची में यातायात व्यवस्था दुरुस्त न रख पाने पर नाराजगी जताई। कहा कि जाम का खामियाजा यात्रियों के साथ ही व्यापारियों को भी भुगतना पड़ रहा है। व्यवस्था में सुधार को ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।