🔳 चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से पुलिस व स्वास्थ्य कर्मी परेशान
🔳 दिनभर डूयूटी निभाने के बाद गरमपानी से पानी ढोने को हुए मजबूर
🔳 मरीज भी बाजार से पानी खरीद पहुंच रहे अस्पताल
🔳 पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की उठी मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर स्थित खैरना पुलिस चौकी व सीएचसी में तैनात स्वास्थ्य कर्मी बूंद बूंद पानी के लिए दूरदराज रुख करने को मजबूर है। पिछले चार दिनों से पुलिस चौकी व अस्पताल की पेयजल आपूर्ति ठप होने से पुलिस व स्वास्थ्य कर्मी बेहद परेशान हैं। दिनभर डूयूटी के बाद कर्मचारी शाम को बाइकों में पानी के बर्तन लेकर गरमपानी स्थित स्रोत में पहुंच रहे हैं। स्थानीय लोगों ने चौकी व अस्पताल परिसर की पेयजल आपूर्ति दुरुस्त किए जाने पर जोर दिया है।
हाईवे पर स्थित खैरना चौकी व अस्पताल परिसर में पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप होने से बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। पानी की आपूर्ति ठप होने से पुलिस कर्मियों को शाम होते ही गरमपानी स्थित प्राकृतिक जल स्रोत की ओर रुख करने को मजबूर होना पड़ रहा है। दिनभर डूयूटी में मुस्तैद पुलिस कर्मियों को हलक तर करने के लिए गरमपानी स्रोत से पानी लेकर चौकी परिसर में पहुंचाना पड़ रहा है। चौकी की मैस के लिए भी पानी एक किमी दूर स्थित स्रोत से लाना पड़ रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के आवासीय परिसर में भी हालत बिगड़ चुके हैं। स्वास्थ्य कर्मी भी नलों से पानी की बूंद न टपकने से परेशान हैं। अस्पताल में मरीजों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मजबूरी में मरीज बाजार से पानी की बोतल खरीदने को मजबूर हो चुके हैं। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति समेत विभिन्न संगठनों से जुड़े लोगों ने जल संस्थान से खैरना चौकी व अस्पताल परिसर की पेयजल व्यवस्था दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है। जल संस्थान के अवर अभियंता चेतन कुमार के अनुसार दोपांखी क्षेत्र में सिंचाई विभाग का कार्य गतिमान होने से पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त है। जल्द ही पेयजल लाइन को दुरुस्त कर आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
