🔳 बीचोंबीच दरारों से दो हिस्सों में बंटा महत्वपूर्ण मोटर मार्ग
🔳 आवाजाही हुई खतरनाक, बड़ी घटना का अंदेशा
🔳 फल व सब्जी उत्पादक गांवों के किसान भी चिंतित
🔳 मोटर मार्ग से खतरा टालने की उठी मांग
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से रामगढ़ ब्लॉक के तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण सुयालबाड़ी – रामगढ़ मोटर मार्ग के बीचोंबीच दरकने से आवाजाही खतरनाक हो गई है। गांवों के लोग जान हथेली पर रख आवाजाही को मजबूर हैं। कभी भी बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय लोगों ने खतरा टालने व मोटर मार्ग दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई है।
बारिश के बाद अब गांवों को जोड़ने वाले मोटर मार्ग दरकने शुरु हो गए हैं। हाईवे से ढोकाने स्थित सुप्रसिद्ध वाटर फॉल, टिकुरी, बांज, बसगांव, कुलगाढ़, सुयालगाढ़, पाथरी, सिमराड, ओडाखान, नथुवाखान, रामगढ़ समेत बीस से अधिक गांवों को जोड़ने वाला सुयालबाड़ी – रामगढ़ मोटर मार्ग मार्ग हाईवे से कुछ ही दूरी पर बीचोंबीच से दरक गया है। गहरी दरारें आने से आवाजाही करने वाले लोग भी सख्ते में आ गए हैं। राहगीर भी जान जोखिम में डाल आवागमन को मजबूर हैं। मोटर मार्ग के दो हिस्सों में फटने से अस्तित्व पर भी संकट मंडरा गया है। फल व सब्जी उत्पादक क्षेत्र होने से गांवो के लोग भी इसी सड़क से उपज को हाईवे तक पहुंचाते हैं जहां से फिर उपज को बड़ी मंडियों तक भेजा जाता है ऐसे में किसान भी चिंतित हैं। जीआइसी व राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ढोकाने के विद्यार्थी व शिक्षक भी इसी मोटर मार्ग से आवाजाही करते हैं ऐसे में मोटर मार्ग के दरकने से बड़ी अनहोनी का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है। स्थानीय मदन मोहन सुयाल, कुबेर सिंह जीना, भारतेन्दु पाठक, पंकज नेगी, भीम सिंह बिष्ट आदि ने मोटर मार्ग से खतरा टालने की पुरजोर मांग उठाई है ताकि आवाजाही सुगम हो सके तथा मोटर मार्ग भी सुरक्षित रह सके। चेताया है की यदि अनदेखी की गई तो भविष्य में संकट कई गुना बढ़ सकता है।

error: Content is protected !!