🔳पाडली गांव में मध्य रात्री तक आग बुझाते रहे ग्रामीण
🔳बुधलाकोट गांव से सटे जंगल में आग ने लिया विकराल रुप
🔳जाख गांव में आग की भेंट चढ़ गई प्लास्टिक की पाइप लाइन
🔳आग पर काबू को ठोस रणनीति न बना पाने पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने लगाए गंभीर आरोप
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
जंगलों में धधक रही आग चिंता का विषय बन गई है। आग की लपटे गांवों के नजदीक तक पहुंचने से खतरा बढ़ गया है। पाडली गांव के बाशिंदे मध्य रात्रि तक आबादी तक पहुंच चुकी आग पर काबू पाने में जुटे रहे। बुधलाकोट से सटे जंगल में भी आग ने तांडव मचाया। आसमान छूती आग की लपटों से ग्रामीण दहशत में आ गए जबकि जाख क्षेत्र में आग ने पेयजल को बिछाई गई प्लास्टिक पाइप लाइन को तक जला डाला। पूर्व ब्लॉक प्रमुख बेतालघाट सतीश नैनवाल ने आरोप लगाया की जंगलों को बचाने में वन विभाग के साथ ही सरकार फेल साबित हुई है।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे से सटे पाडली गांव से सटे जंगल की आग आबादी तक पहुंचने से ग्रामीण सख्ते में आ गए। आनन फानन में लोग खुद ही आग पर काबू पाने में जुट गए। नीमा भट्ट, रेखा, अमित, संतोष भट्ट, पंकज, विजय, नीक्कू समेत कई ग्रामीण मध्य रात्रि तक आग बुझाने में जुटे रहे। बामुश्किल आग पर काबू पाया जा सका। समीपवर्ती बुधलाकोट गांव से सटा जंगल भी भीषण आग की चपेट में आ गया। कई चीड़ व बांज के पेड़ जल उठे। आसमान छूती आग की लपटों से ग्रामीण दहशत में आ गए। कई हेक्टेयर वन संपदा राख हो गई जबकि जंगली जानवरों को भी नुकसान होने का अंदेशा है। जाख क्षेत्र में आग ने पेयजल को बिछाई गई पाइप लाइन को ही जला डाला जिससे पेयजल आपूर्ति भी ठप हो गई। एक के बाद एक जंगल के राख होने के बावजूद ठोस उपाय न किए जाने पर बेतालघाट ब्लॉक के पूर्व ब्लॉक प्रमुख सतीश नैनवाल ने सरकार व वन विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं आरोप लगाया की करोड़ों रुपये की वन संपदा नष्ट हो चुकी है। पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बावजूद अब सरकार की नींद खुल रही है। मार्च में ही फायर लाइन काट आग से बचाव के उपाय किए जाने चाहिए थे पर अब जंगलों के राख होने के बाद समीक्षा एवं कार्ययोजना बनाने के लिए बैठक करना सरकार व वन विभाग की संवेदनहीनता को दर्शा रहा है।




