◾ एसडीएम ने लोनिवि को दिए रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश
◾ भवाली से तल्ला कैंची तक सरकारी जमीन से हटेगा अतिक्रमण
◾ तहसीलदार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय टीम का भी गठन
◾ कैंची धाम में बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से प्रशासन ने लिए अहम निर्णय
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आस्था के केंद्र सुप्रसिद्ध कैंची धाम में लगातार बढ़ रही श्रद्धालुओं की संख्या से कोश्या कुटोली प्रशासन ने व्यवस्थाओं में सुधार को कदम बढ़ाने शुरु कर दिए हैं। एसडीएम कोश्या कुटोली पारितोष वर्मा ने शिप्रा नदी में बने पुल की भार वहन क्षमता जांचने को लोनिवि को निर्देशित किया है जबकि भवाली से तल्ला कैंची पनी राम ढाबे तक अवैध अतिक्रमण हटाने को तहसीलदार की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन भी कर दिया है।
हाइवे पर स्थित बाबा नीम करोली धाम में आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। शनिवार, रविवार को हजारों की संख्या में बाबा भक्त कैंची धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना न करना पड़ें इसके लिए मंदिर प्रंबधन ने परिसर में बेहतर प्रबंध किए हैं। पार्किंग शुरु होने से राहत मिली है। अब व्यवस्थाओं को और बेहतर करने को तहसील प्रशासन ने ठोस कदम उठाने शुरू कर दिए है। मुख्य द्वार से मंदिर परिसर तक पहुंचने को शिप्रा नदी पर बने पुल की भार वहन क्षमता मापने की कवायद शुरु होगी। भीड़ बढ़ने पर पुल पर एक साथ कई लोगों के खडे़ होने से दुर्घटना का खतरा बढ़ने की आंशका है ऐसे में एसडीएम पारितोष वर्मा ने लोनिवि के अधिकारियों को पुल की भार वहन क्षमता नाप रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। यातायात व्यवस्था चाक चौबंद रहे इसके लिए भी तहसीलदार कोश्या कुटोली की अगुवाई में तीन सदस्यीय विशेष टीम का गठन कर भवाली से तल्ला कैंची स्थित पनी राम ढाबे तक सरकारी भुमि पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए हैं। उपजिलाधिकारी पारितोष वर्मा के अनुसार बाबा के धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को किसी भी परेशानी का सामना न करना पड़ें इसके लिए सभी जरुरी कदम उठाए जा रहे हैं।
