🔳 स्थानीय लोगों ने लहुलुहान हालत में पहुंचाया अस्पताल
🔳 प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर रेफर
🔳 अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर नावली क्षेत्र की घटना
🔳 पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जुटाई घटना की जानकारी
[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दुर्घटनाओं का ग्राफ बढ़ता ही जा रहा है। नावली क्षेत्र में बाइक सवार की टक्कर से बुजुर्ग गंभीर रुप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया है। उनकी हालत नाज़ुक बनी हुई है।
हाईवे पर वाहनों की तेज रफ्तार दुर्घटनाओं का कारण बनती जा रही है। आए दिन दुर्घटनाएं सामने आ रही है। शनिवार को नावली क्षेत्र में जनता गांव निवासी बुजुर्ग भोला सिंह को हल्द्वानी से अल्मोड़ा की ओर जा रहे कोसी, अल्मोड़ा निवासी सूरज कनवाल ने बाइक यूके 01 डी 1461 से चपेट में ले लिया। बुजुर्ग के बाइक की चपेट में आने से हड़कंप मच गया। आसपास के लोगों ने घायल को निजी वाहन से लहुलुहान हालत में उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया। बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट पहुंची है। खैरना पुलिस की टीम ने घटनास्थल व अस्पताल पहुंचकर घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस के अनुसार तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।