🔳बूंद बूंद पानी को तरस रहे स्कूली नौनिहाल
🔳घर से पानी लेकर स्कूल पहुंचना बनी मजबूरी
🔳दो वर्ष से घंघरेठी गांव के प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल में पानी का अकाल
🔳कई बार उठ चुकी मांग बावजूद नहीं हो सकी सुनवाई
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

आसमान छूते दावों को बेतालघाट ब्लॉक के घंघरेठी गांव में स्थित विद्यालयों की स्थिति झूठला रही है। राजकीय प्राथमिक व जूनियर हाईस्कूल के लगभग चालीस से अधिक नौनिहाल विद्यालय में बूंद बूंद पानी को तरस गए हैं। मजबूरी में मासूम स्कूली बैग के साथ पानी ढोने को भी मजबूर हो चुके हैं। विद्यालय में पेयजल आपूर्ति को ठोस उपाय न किए जाने से गांवों के बाशिंदे में गहरा रोष व्याप्त है।

बेतालघाट ब्लॉक के तमाम गांवों में पेयजल संकट से ग्रामीण परेशान हैं तो वहीं घंघरेठी गांव में स्थित राजकीय जूनियर हाईस्कूल व राजकीय प्राथमिक विद्यालय में भी पीने के पानी का अकाल पड़ चुका है‌। पिछले दो वर्षो से भी अधिक समय से विद्यालय में पानी की बूंद तक नहीं टपकी है। ऐसा नहीं की गांव के बाशिंदों ने पेयजल व्यवस्था के लिए आवाज नहीं उठाई। विभिन्न मंचों पर विद्यालय में पेयजल संकट का मुद्दा उठाया गया पर दावों के शोर में नौनिहालों के लिए पीने के पानी को उठी आवाज़ दब कर रह गई। हालात यह है की अब छोटे छोटे मासूम घर से ही थर्मस व प्लास्टिक के डिब्बों में पानी भरकर विद्यालय पहुंच रहे है‌। पानी लेकर विद्यालय पहुंच रहे बच्चों के लिए पानी ढोना नियति बन चुकी है। ग्राम प्रधान कुंदन सिंह नेगी के अनुसार दोनों विद्यालयों में करीब चालीस से ज्यादा नौनिहाल अध्यनरत है। कई बार विद्यालयों में पेयजल व्यवस्था की मांग उठाई जा चुकी है‌ पर आश्वासन तो मिले पर आज तक धरातल पर कुछ भी नहीं हो सका है। बच्चें रोज घरों से पानी लेकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर हो चुके हैं। ग्राम प्रधान कुंदन ने जल्द पेयजल आपूर्ति को ठोस उपाय किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है‌ साफ कहा की अनदेखी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जल संस्थान के सहायक अभियंता दिलीप बिष्ट के अनुसार जल जीवन मिशन योजना के तहत योजना का निर्माण किया जा रहा है। योजना निर्माण होने के बाद विद्यालयों में भी समुचित पेयजल आपूर्ति हो सकेगी।

error: Content is protected !!