🔳लाखों रुपये के बजट से तैयार डीपीआर के बाद थमी प्रगति
🔳कई चरणों की सर्वे के बाद कोरोना काल से रुके कदम
🔳600 करोड़ रुपये की लागत से अस्तित्व में आना था बैराज
🔳नैनीताल जिला मुख्यालय समेत बेतालघाट व ताड़ीखेत के गांवों को जलापूर्ति को बनी थी रणनीति
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
नैनीताल जिला मुख्यालय समेत बेतालघाट व पड़ोसी ताड़ीखेत ब्लॉक के गांवों को पानी की आपूर्ति करने को कोसी नदी पर बनाए जाने वाले बढेरी बैराज की फाइल ठंडे बस्ते में पहुंच गई है। कोरोना की दस्तक से प्रगति थमने के बाद से अब तक फाइल शासन में ही लंबित पड़ी हुई है। जबकि योजना से संबंधित डीपीआर भी तैयार की जा चुकी है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता एके वर्मा के अनुसार फाइल शासन में है। फिलहाल पेयजल की खास जरुरत न होने से योजना से संबंधित कार्य अभी रुका है। भविष्य में उच्चाधिकारियों से दिशा निर्देश मिलने के बाद आगे की कार्रवाई शुरु की जाएगी।
शहीद बलवंत सिंह भुजान वर्धो मोटर मार्ग पर बढेरी गांव के समीप कोसी नदी पर करीब 600 करोड़ रुपये की भारी-भरकम लागत से बैराज बनाया जाना है। बैराज से नैनीताल जिला मुख्यालय समेत बेतालघाट व ताडी़खेत ब्लॉक के तमाम गांवों को जलापूर्ति होनी है। प्रारंभिक स्तर पर दो से तीन सर्वे पूरे होने के बाद सिंचाई अनुसंधान संस्थान रुड़की के विशेषज्ञो ने बैराज निर्माण को ठोस चट्टान व बालू का पता लगाने के लिए ड्रिलिंग की। प्रगति तेज हो ही सकी थी की एकाएक कोरोना संकट से प्रगति थम गई। कोरोना संकट खत्म होने के बाद दोबारा विभागीय अधिकारियों ने बैराज निर्माण को कार्रवाई तेज की है। बकायदा लाखों रुपये के बजट से डीपीआर भी तैयार कर ली गई।
600 करोड रुपये की लागत से 20 मीटर ऊंचाई तथा डेढ़ किमी लंबे बैराज निर्माण में 200 करोड़ रुपये खर्च होने तथा शेष धनराशि से पानी को नैनीताल मुख्यालय व बेतालघाट व ताड़ीखेत ब्लॉक के गांवों में पहुंचाने का प्रस्ताव तैयार किया गया। बेतालघाट तथा ताडी़खेत ब्लॉक के तमाम गांव को रोजाना करीब 60 एमएलडी पानी की आपूर्ति की उम्मीद भी जगी पर अब योजना की फाइल शासन में ठंडे बस्ते में चले गई है। कार्रवाई लंबित होने से लोगों की उम्मीदें भी टूटने लगी है। विभागीय सूत्रों के अनुसार योजना का मूर्त रुप देने पर संशय भी मंडराने लगा है। सिंचाई विभाग को अधिशासी अभियंता एके वर्मा के अनुसार फाइल शासन में लंबित है। उच्चाधिकारियों के आदेशों का इंतजार है। आदेश मिलते ही आगे की कार्रवाई शुरु हो सकेगी।




