🔳दस हजार से भी ज्यादा आबादी के सूखे हलक
🔳दस दिनों से पानी को दूर दराज रुख कर रहे गांवों के बाशिंदे
🔳कालाखेत – रिची थापल पंपिग योजना से आपूर्ति हुई ठप
🔳पेयजल संकट होने से चढ़ने लगा ग्रामीणों का पारा

((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक के 25 से भी ज्यादा गांवों के परिवारों को पेयजल मुहैया कराने वाली कालाखेत रिची थापल पंपिग पेयजल योजना से आपूर्ति ठप होने से गांवों में बूंद बूंद पानी को हाहाकार मच गया है। गांवो के बाशिंदे कड़ाके की ठंड में भी दूर दराज से पानी ढोने को मजबूर हैं। जल संस्थान के सहायक अभियंता दलीप बिष्ट के अनुसार वोल्टेज की समस्या से आपूर्ति प्रभावित हुई। आपूर्ति सुचारु करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

बेतालघाट ब्लॉक के गांवों में पेयजल व्यवस्था आए दिन चरमरा जा रही है। पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने से गांव के बाशिंदे परेशान हैं। महत्वाकांक्षी कालाखेत रिची थापल पंपिंग पेयजल योजना से करीब 25 से ज्यादा गांव के लगभग दस हजार से भी ज्यादा आबादी को पेयजल की आपूर्ति की जाती है पर पिछले दस दिनों से भी अधिक समय से पेयजल आपूर्ति ठप होने से गांव के बाशिंदे परेशान है। बूंद बूंद पानी के लिए लोगों को दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों से पानी ढोना पड़ रहा है। कड़ाके की ठंड में भी लोग सुबह-शाम दूर दराज स्थित प्राकृतिक जल स्रोतों को रुख करने को मजबूर हो चुके हैं। बेतालघाट ग्राम प्रधान संगठन अध्यक्ष मनोज पडलिया के अनुसार आए दिन पंपिंग योजना से पेयजल आपूर्ति ठप हो रही है कई बार विभागीय अधिकारियों को जानकारी दिए जाने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही। महज एक दूसरे पर जिम्मेदारी डाल इतिश्री कर दी जा रही है जिसका खामियाजा गांव के बाशिंदों को भुगतना पड़ रहा है। दो टूक चेतावनी दी है कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो फिर पंचायत प्रतिनिधियों को साथ लेकर आंदोलन का बिल्कुल फूंक दिया जाएगा‌‌। जल संस्थान के सहायक अभियंता दलीप बिष्ट के अनुसार वोल्टेज की दिक्कत से आपूर्ति प्रभावित हुई है। व्यवस्था सुचारु करने के हर संभव प्रयास किया जा रहे हैं।

error: Content is protected !!