◾ एक घंटे चले रेस्क्यू अभियान के बाद बामुश्किल पहुंचाया जा सका अस्पताल
◾प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में हायर सेंटर हल्द्वानी रैफर
◾पुलिस प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम ने चलाया अभियान
◾ जीआइसी गरजोली में तैनात शिक्षक व डंपर चालक बने देवदूत
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर बद्रीनाथ जा रहे दो युवकों की बाइक असंतुलित होकर रपट गई। बाइक सवार दोनों युवक हाईवे से करीब दो सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी की ओर छिटक गए। दुर्घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस, प्रशासन, एसडीआरएफ तथा स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चला दोनों घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। उपचार के बाद नाजुक हालत में दोनों घायलों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है।
शाहजहांपुर, उत्तर प्रदेश के कलान गांव से करीब आठ लोगों का दल अलग अलग बाइकों से बीते बुधवार शाम बद्रीनाथ धाम की ओर रवाना हुआ। गुरुवार सुबह सभी अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर दोपांखी क्षेत्र के समीप पहुंचे ही थे की बाइक यूपी 27 बीओ 9173 में सवार अनुज यादव व ब्रजभान यादव बाइक रपटने से हाइवे से करीब दो सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरे। दुर्घटना से हड़कंप मच गया। घटना स्थल के समीप रहने वाले शिक्षक ललित बिष्ट घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। वहीं हाईवे पर आवाजाही कर रहा नैनीपुल निवासी डंपर चालक महेंद्र भी नदी की ओर दौड़ा। चौकी पुलिस खैरना, एसडीआरएफ व प्रशासन को भी सूचना दी गई। नदी में गंभीर हालत में पड़े दोनों युवकों को निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। चौकी प्रभारी दिलीप कुमार व एसडीआरएफ के एसआई राजेश जोशी के नेतृत्व में पुलिस व एसडीआरएफ की टीम ने खड़ी चट्टान से बामुश्किल नीचे उतर दोनों घायलों को हाईवे तक पहुंचाया। जहां से आपातकालीन 108 सेवा से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गरमपानी ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में दोनों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। इस दौरान जगदीश धामी, राजेंद्र सती, प्रयाग जोशी, गणेश मेहरा, रोहित कांडपाल, गौरव रावत, जया बिष्ट ललित जोशी, पंकज पंत, शिवराज बिष्ट, पंकज बिष्ट, मनीष तिवारी, रोहित पिनारी आदि जुटे रहे।
देवदूत बनकर पहुंचे शिक्षक व डंपर चालक
हाइवे पर दोपांखी क्षेत्र में हुई दुर्घटना में जीआइसी गरजोली में तैनात शिक्षक ललित बिष्ट व डंपर चालक नैनीपुल गांव निवासी महेंद्र देवदूत बनकर पहुंचे। नदी की तीखी लहरों के बीच जान जोखिम में डाल बामुश्किल दोनों गंभीर हालत में नदी क्षेत्र में पड़े घायलो के पास पहुंचे। दोनों को नदी के पानी से बाहर निकाल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। गंभीर रुप से घायल दोनों युवकों को जल्द मदद मुहैया करा अस्पताल पहुंचाने की हिम्मत भी देते रहे। रेस्क्यू अभियान में भी शिक्षक व डंपर चालक ने अहम भूमिका निभाई।
