🔳 जीजीआइसी बेतालघाट में लगातार बढ़ता जा रहा बंदरों का आंतक
🔳 विद्यालय परिसर में डेरा डाले हैं दर्जनों बंदरों का झुंड
🔳 कक्षा कक्षों के अंदर तक पहुंचने लगे हैं कटखने बंदर
🔳 वन विभाग की अनदेखी से क्षेत्रवासियों में रोष
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट क्षेत्र में स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में बंदरों के झुंड से छात्राएं व शिक्षिकाएं परेशान हैं। प्रार्थना सभा से लेकर मध्याह्न भोजन तथा कक्षा कक्षों में बंदरों की घुसपैठ के कारण तमाम परेशानियां खड़ी हो रही है बावजूद वन विभाग बंदरों का आंतक रोकने को ठोस कदम नहीं उठा रहा। विद्यालय के रास्ते में बैठे बंदरों के झुंड से आवाजाही भी खतरनाक हो चुकी है।
ब्लॉक मुख्यालय स्थित जीजीआइसी में आसपास के तमाम गांवों से छात्राएं शिक्षा ग्रहण करने पहुंचती है। विद्यालय के रास्ते तथा विद्यालय परिसर के चारों ओर बैठे रहने वाले बंदरों का झुंड विद्यालय में तैनात शिक्षिकाओं व छात्राओं के लिए परेशानी का सबब बन चुके हैं। बंदरों के झुंड से लगातार दहशत बढ़ती जा रही है बावजूद वन विभाग सुध लेने की जहमत नहीं उठा रहा। स्थानीय लोग व अभिभावक भी कई बार विद्यालय से बंदरों के आंतक को समाप्त करने की कई बार मांग उठा चुके हैं बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। विद्यालय में डेरा डाले बंदरों का झुंड कक्षा कक्षों तक पहुंच जा रहा है वहीं मध्याह्न भोजन के समय भी बंदरों का उत्पात बढ़ जा रहा है। बंदरों की बढ़ती संख्या व लगातार उत्पात से बड़ी घटना सामने आने का अंदेशा भी बढ़ता ही जा रहा है वहीं विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था भी चरमरा जा रही है। विद्यालय में तैनात कर्मचारी दिनभर बंदरों को भगाने में जुटे रहते हैं। देवभूमि व्यापार मंडल अध्यक्ष तारा भंडारी ने वन विभाग से विद्यालय परिसर में बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने की मांग उठाई है। विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्य रेखा गढ़िया के अनुसार बंदरों का उत्पात लगातार बढ़ता ही जा रहा है। रास्ते से विद्यालय तक बंदरों का झुंड परेशानी बन चुका है।




