🔳 टिकट के लिए आखरी समय तक गुमराह करने का लगाया आरोप
🔳 षड़यंत्र रचने वालों को जनता की अदालत से मिलेगा जवाब
🔳 सिमलखा जिला पंचायत सीट पर रोचक हुआ मुकाबला
🔳 चापड़ व भवाली गांव पर भी कड़े मुकाबले के आसार
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
बेतालघाट ब्लॉक की सिमलखा जिला पंचायत सीट से भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी के नामांकन करने के दूसरे दिन ही भाजपा के तेज तर्रार युवा कार्यकता ने भी पर्चा दाखिल कर भाजपा प्रत्याशी के लिए अड़चन पैदा कर दी है। टिकट न मिलने से नाराज तारा भंडारी ने नामांकन के बाद जनता की अदालत में जाने का ऐलान किया। कहा की उन्हें आखरी समय तक गुमराह किया गया। अब फैसला जनता ही करेंगी।
भवाली गांव जिला पंचायत सीट से स्थानीय यशपाल आर्या को टिकट न मिलने से भाजपा के कई कार्यकर्ताओं के नाराजगी व्यक्त करने के बाद अब सिमलखा जिला पंचायत सीट पर भी भाजपा से अधिकृत प्रत्याशी के नामांकन के दूसरे ही दिन बेतालघाट भाजपा के युवा नेता तारा भंडारी ने भी नामांकन कराकर खुला विरोध दर्ज कर दिया है। तारा के नामांकन से अब भाजपाई भी असहज हो गए हैं। पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी व युवा नेता के मैदान में होने से मुकाबला रोचक होने की उम्मीद है। तारा भंडारी ने आरोप लगाया की वर्षों से पार्टी की सेवा के बाद उन्हें आखरी समय तक गुमराह किया गया। जब नजदीक की चापड़ जिला पंचायत सीट को खुला रख पार्टी ने किसी भी प्रत्याशी को अधिकृत नहीं किया तो सिमलखा सीट को भी खुला रखा जा सकता था पर परिवारवाद को बढ़ावा देने के लिए उनके खिलाफ षड़यंत्र रचा गया। साफ कहा की जनता की अदालत में फैसला है अब जनता ही न्याय कर षड़यंत्र करने वालों को सबक सिखाएगी। सिमलखा सीट से कई अन्य दावेदार भी माहौल अपने पक्ष में करने में जुटे हुए हैं। प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस के अब भी पत्ते न खोलने से दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई है।
