🔳जिलाधिकारी के निर्देश पर निरीक्षण को पहुंची चार विभागों की संयुक्त टीम
🔳भवाली से काकड़ीघाट तक अतिसंवेदनशील हाइवे के देखे गए हालात
🔳लगातार मामला उठने के बाद हरकत में आया तंत्र
🔳हाइवे पर आवाजाही सुगम व सुरक्षित बनाने को ठोस कदम उठाने के निर्देश
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

जिलाधिकारी के निर्देश पर सड़क सुरक्षा समिति ने कुमाऊं की लाइफ लाइन यानि अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे की नब्ज टटोली। भवाली से काकड़ीघाट तक खतरे वाले स्थानों का जायजा लिया। दुर्घटनाओं को टालने के लिए क्रश बैरियर स्थापित किए जाने पर जोर दिया। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत के अनुसार परिवहन, एनएच व प्रशासन की संयुक्त रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी। प्रयास किया जाएगा की हाइवे पर आवाजाही सुगम व सुरक्षित हो सके।
हाइवे की बदहाली का मुद्दा लगातार उठने तथा करोड़ों रुपये का बजट होने के बावजूद हालातों में सुधार न होने, निर्माण कार्य कछुवा गति से चलने, जगह जगह कार्य अधूरे छोड़ दिए जाने पर बीते दिनों जिलाधिकारी वंदना सिंह ने गहरी नाराजगी जताई बकायदा एनएच के अफसरों को तलब कर तत्काल हाइवे पर लंबित पड़े कार्यों को दुरुस्त करने तथा हाइवे को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। पंद्रह दिन की समय सीमा तय कर जल्द सड़क सुरक्षा समिति से निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। शुक्रवार को डीएम के निर्देश पर प्रशासन, एनएच, पुलिस व परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने भवाली से काकड़ीघाट तक करीब तीस किमी दायरे में हाइवे का जायजा लिया। अतिसंवेदनशील दो पांखी, पातली, भोर्या बैंड, पाडली आदि क्षेत्रों में स्थित देखी। जगह जगह खतरनाक स्थानों पर क्रश बैरियर व पैराफिट निर्माण को जरुरी बताया। एनएच पर निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया गया। उपजिलाधिकारी कोश्या कुटोली विपिन चंद्र पंत ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से खिलवाड़ न करने के निर्देश दिए। एसडीएम विपिन चंद्र पंत के अनुसार निरीक्षण रिपोर्ट जिलाधिकारी को उपलब्ध कराई जाएगी। एनएच के अधिकारियों को सुरक्षित व सुगम यातायात को ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान एनएच के सहायक अभियंता रमेश चंद्र पांडे, आरटीओ, थाना पुलिस भवाली आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!