🔳 प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने भी दिया आंदोलन को समर्थन
🔳 ब्लॉक प्रमुख रामगढ़ व अन्य जनप्रतिनिधियों ने मांगों को ठहराया जायज
🔳 सीएमओ व एसडीएम से हुई वार्ता के बाद भी नहीं माने आंदोलनकारी
🔳 जल्द मांगे पूरी न होने पर आंदोलन तेज करने का किया ऐलान
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुयालबाड़ी में समुचित चिकित्सकों की तैनाती व व्यवस्थाओं को चाक चौबंद करने को धरने पर बैठे आंदोलनकारियों को विभिन्न संगठनों ने भी समर्थन का ऐलान कर दिया है। वहीं धरनास्थल पर वार्ता को पहुंचे मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत व एसडीएम मोनिका से आंदोलनकारियों ने समस्याओं के समाधान की मांग की। साफ कहा की मांगे पूरी होने के बाद ही पीछे हटा जाएगा।
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे तथा तमाम गांवों के मध्य में स्थित सीएचसी सुयालबाड़ी में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने, मानकनुसार चिकित्सकों की तैनाती समेत अन्य बिंदुओं पर राष्ट्रीय सेवा संघ के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे तमाम गांवों के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों के आंदोलन को सोमवार को प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल ने भी समर्थन देने का ऐलान कर दिया। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट ने धरना स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से संघर्ष में हर कदम पर साथ रहने का भरोसा दिलाया। संगठन के प्रदेश संगठन प्रभारी वीरेंद्र गुप्ता ने भी आंदोलन को समर्थन देने की बात कही। रामगढ़ ब्लॉक प्रमुख दीपक कुमार व जिला पंचायत सदस्य दाडिमा निधी जोशी ने भी धरनास्थल पर पहुंचकर मांगों को जायज ठहराया। राष्ट्रीय सेवा संघ के प्रदेश महासचिव व ग्राम प्रधान सिमराड भारतेन्दु पाठक ने कहा की बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध न होने से लोगों को शहरों के बड़े अस्पतालों में इलाज कराने को मजबूर होना पड़ रहा है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा. हरीश पंत तथा श्री कैंची धाम तहसील की एसडीएम मोनिका ने भी आंदोलन स्थल पर पहुंचकर आंदोलनकारियों से वार्ता की। घंटों तक चली वार्ता के बावजूद आंदोलनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए और धरने पर डटे रहे। दो टूक कहा की जल्द मांगे पूरी नहीं हुई तो फिर आंदोलन तेज किया जाएगा। इस दौरान ज्येष्ठ उपप्रमुख रणजीत सिंह जीना, ग्राम प्रधान कमोली तरुण कांडपाल, प्रधान गंगोरी नीमा देवी, प्रधान सुयालबाड़ी दीपक सुयाल, प्रधान गंगरकोट कमल किशोर, प्रधान बसगांव नंद किशोर कांडपाल, प्रधान भियालगांव चंदू लता, बीडीसी गंगरकोट धनुली देवी, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कुबेर सिंह जीना समेत तमाम ग्रामीण मौजूद रहे।
