🔳 विद्यालय गेट पर नारेबाजी कर जताया रोष
🔳 शिक्षा विभाग पर लगाया बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ का आरोप
🔳 लगातार बढ़ रहे खतरे के बावजूद अनदेखी पर जताई नाराजगी
🔳 जल्द खतरा टालने को ठोस उपाय किए जाने की उठाई मांग
[[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर खैरना स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय की दयनीय हालत की सुध न लिए जाने पर आखिरकार अभिभावकों का सब्र जवाब दे गया। अभिभावकों ने विद्यालय गेट पर नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया की नौनिहालों की जिंदगी पर खतरा बढ़ता ही जा रहा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। अंदेशा जताया की विद्यालय की दरक रही छत से कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है।
राजकीय प्राथमिक विद्यालय खैरना में अध्ययनरत नौनिहालों की जान खतरे में है। लंबे समय से विद्यालय भवन की छत दरकती जा रही है पर दावों के अलावा धरातल पर खतरा टालने को कोई कार्य नहीं हो पा रहा। खतरा बढ़ने से नौनिहालों को विद्यालय के आंगन में बैठाकर प्राथमिक शिक्षा का कहकहा सिखाया जा रहा है। बीते वर्ष प्रदेश के शिक्षा मंत्री डा. धन सिंह रावत भी विद्यालय की स्थिति देख चुके हैं बावजूद आज तक कोई सुध नहीं ली जा सकी है। सोमवार को विद्यालय में अध्ययनरत नौनिहालों के अभिभावकों ने विद्यालय की बदहाल स्थिति पर गहरी नाराजगी जताई। नारेबाजी कर शिक्षा विभाग की अनदेखी पर रोष जताया। अभिभावकों ने बच्चों की जिंदगी पर बढ़ रहे खतरे पर चिंता व्यक्त की। कहा की लंबे समय से खतरा मंडरा रहा है पर जिम्मेदार अनदेखी पर आमादा है। अंदेशा जताया की कभी भी कोई बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है। दो टूक चेतावनी दी की जल्द खतरा टालने को ठोस कदम नहीं उठाया गया तो विद्यालय परिसर में ही धरना शुरु कर दिया जाएगा। इस दौरान गीता बोहरा, रेखा बिष्ट, प्रवीन बानो, कविता देवी, चंपा देवी, हंसी, उर्मिला, बसंती देवी, ममता, माधवी, रेखा देवी आदि मौजूद रहीं।