🔳 ग्रामीणों के आक्रोशित होने पर जागे अफसर
🔳 क्षेत्रवासियों ने हाईवे पर नारेबाजी कर जताया था रोष
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को हो चुके थे मजबूर
🔳 पंद्रह से भी ज्यादा गांवों के ग्रामीण है महत्वपूर्ण सड़क पर निर्भर
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे से बेतालघाट व रामगढ़ ब्लॉक के सब्जी तथा फल उत्पादक गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग पर आवाजाही खतरनाक होने से ग्रामीणों का पारा सातवें आसमान पर पहुंचने से लोक निर्माण विभाग हरकत में आ गया है। ग्रामीणों के नारेबाजी कर रोष जताने के दूसरे दिन ही संबंधित विभाग ने लोडर मशीन की मदद से खतरा टालने व आवाजाही सुगम करने का कार्य शुरु करा दिया है।
लोहाली, आटावृता, आटाखास, धारी, उल्गौर, ताड़ीखेत समेत आसपास के तमाम गांवों के ग्रामीणों ने बीते रविवार को अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर व्यापारी नेता ललित दानी की अगुवाई में लोक निर्माण विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। आरोप लगाया की लंबे समय से तमाम गांवों को जोड़ने वाला लोहाली चमड़ियां मोटर मार्ग खस्ताहाल पड़ा है बावजूद सुध नहीं ली जा रही। बीते दिनों मोटर मार्ग को दुरुस्त करने के नाम पर लोडर मशीन से किए गए कार्य से आवाजाही और ज्यादा खतरनाक हो गई है। कभी भी बड़ी अनहोनी सामने आ सकती है पर जिम्मेदार अफसर अनदेखी पर आमादा हो चुके हैं। मोटर मार्ग की बदहाली के कारण गांव तक गैस वाहन तक नहीं पहुंच पा रहा जिस कारण गांवों के लोग परेशान है। किसानों को भी उपज को हाईवे तक पहुंचाने में तमाम दिक्कतों का सामना करने को मजबूर हैं। आरोप लगाया की महज बजट को ठिकाने लगाया जा रहा है पर सुरक्षित आवाजाही को ठोस उपाय नहीं किए जा रहे। गांव के लोगों की जिंदगी से खुला खिलवाड़ किया जा रहा है। ग्रामीणों ने 25 नवंबर तक मोटर मार्ग को दुरुस्त न किए जाने पर अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान भी किया। ग्रामीणों के आक्रोशित रवैए को भांप लोनिवि विभाग ने सोमवार को मोटर मार्ग पर लोडर मशीन की मदद से कार्य शुरु कर दिया। लोडर मशीन ने भूस्खलन से मोटर मार्ग पर गिरे मलबे को हटाकर उसका निस्तारण किया। साथ ही सड़क पर आवाजाही सुगम करने को कवायद शुरु की। लोनिवि के अधिशासी अभियंता हीरा सिंह बिष्ट के अनुसार मशीन से आवाजाही सुगम करने के निर्देश दिए गए हैं। आगामी दो से तीन दिन तक मशीन की मदद से खतरा टालने को कार्य किया जाएगा। मोटर मार्ग की सुध लिए जाने पर स्थानीय तारा सिंह, पान सिंह, दीपक कुमार, तारा सिंह, सुरेश सिंह, धाम सिंह, कैलाश अधिकारी, यशपाल, नरेंद्र सिंह, पानी सिंह, विरेन्द्र सिंह बिष्ट, नीरज, राम सिंह, कैलाश अधिकारी, सुरेन्द्र सिंह आदि ने विभागीय अधिकारियों का आभार व्यक्त किया।