🔳 चार वर्ष बीतने के बावजूद नहीं ली जा सकी आजतक सुध
🔳 जान जोखिम में डाल आवाजाही को मजबूर हो चुके ग्रामीण
🔳 स्कूली बच्चों को पीठ पर बैठाकर नदी पार करवा रहे अभिभावक
🔳 जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों का चढ़ने लगा है पारा
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
शिप्रा नदी पर बने पुल के चार वर्ष पूर्व जमींदोज होने से तमाम गांवों के लोग जान जोखिम में डाल नदी पार करने को मजबूर हैं बावजूद जिम्मेदारों की कुंभकरणीय नींद नहीं टूट रही। अफसरों व नेताओं की अनदेखी से किसान व स्कूली बच्चें भी परेशान हैं पर सुध नहीं ली जा रही। चार वर्षों से ग्रामीणों के लिए जान हथेली पर रख आवाजाही नियती बन चुकी है। जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों में गहरा रोष भी व्याप्त है।
बेतालघाट ब्लॉक के सिरोडी फार्म, लखाडी, मछली डिग्गी, सिरोडी, भवाली गांव के करीब तीन सौ से अधिक परिवार शिप्रा नदी पर बने पुल से आवाजाही करते थे। वर्ष 2021 में शिप्रा नदी के उफान से पुल ध्वस्त हो गई तथा पुल का नामोनिशान भी मिट गया। तब से आज तक गांवों के लोग जान हथेली पर रख नदी पार करने को मजबूर हैं। अभिभावक बच्चों को पीठ पर बैठाकर आवाजाही करते हैं जबकि पुल न होने का खामियाजा किसानों को भी भुगतना पड़ रहा है। चार वर्ष का लंबा समय बीतने के बावजूद आज तक जिम्मेदारों की अनदेखी से ग्रामीणों का पारा भी सातवें आसमान पर है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया की गांवो के विकास को खूब ढोल पीटे जाते हैं पर पुल निर्माण तो दूर आवाजाही के लिए आज तक अस्थाई व्यवस्था तक नहीं की जा सकी है। स्थानीय शशि सौरभ, नवीन चंद्र, जमन सिंह, कुबेर सिंह, गोविंद सिंह, बालम सिंह, नंदन आर्या ने गांवों की उपेक्षा किए जाने पर गहरा रोष जताया है। आरोप लगाया की गांवो में विकास की बातें बेमानी है जब एक पुल निर्माण नहीं हो सका तो गांवों में विकास की स्थिति का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है। ग्रामीणों ने जल्द पुल निर्माण किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की उपेक्षा कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




