🔳 संसद की कार्रवाई के प्रभावशाली मंचन ने किया मंत्रमुग्ध
🔳 प्रतियोगिता में सोलह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
🔳 विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र से किया गया सम्मानित
🔳 देश के समसामयिक व गंभीर मुद्दों पर बेबाकी से रखे विचार
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]

ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में युवा संसद प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने दमदार प्रस्तुति दी। संसद की कार्रवाई में विभिन्न मुद्दों पर बेबाकी से चर्चा की गई। विद्यार्थियों ने तथ्यों व तर्को के साथ बात रखकर श्रोताओं को प्रभावित कर दिया।
गुरुवार को विद्यालय सभागार में हुई संसद प्रतियोगिता में सोलह विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। ब्लॉक प्रमुख अंकित साह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में सिमलखा, लोहाली, खैरना, रातीघाट, बेतालघाट, जीजीआईसी बेतालघाट, हल्सों कोरड़, रिखोली, तल्ली सेठी, ऊंचाकोट, गरजोली, जितुआपीपुल, रिची, राजीव गांधी अभिनव बेतालघाट, ताडीखेत, धनियाकोट आदि विद्यालयों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में दमदार प्रस्तुति दी। विद्यार्थियों ने संसद की कार्यवाही का प्रभावशाली मंचन करते हुए देश के समसामयिक व गंभीर मुद्दों पर बेबाकी से विचार रखे। प्रतियोगिता में अरावली पर्वतमाला के संरक्षण, अग्निवीर योजना, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, नशाखोरी की समस्या, तथा महिला उत्पीड़न जैसे विषयों पर चर्चा की गई। छात्र-छात्राओं ने तथ्यों व तर्कों के साथ अपनी बात रखकर श्रोताओं को प्रभावित किया। प्रधानाचार्य अरविंद मिश्रा ने कहा कि युवा संसद प्रतियोगिता विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया की समझ विकसित करने का सशक्त माध्यम है। कहा कि ऐसे मंच युवाओं को सामाजिक व राष्ट्रीय मुद्दों के प्रति जागरुक बनाते हैं तथा नेतृत्व क्षमता को निखारते हैं। विद्यार्थियों से समाज व देश के हित में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। प्रतियोगिता में जीजीआइसी बेतालघाट विजेता बनी जबकि राजीव गांधी अभिनव विद्यालय दूसरे व जीजीआइसी ऊंचाकोट तीसरे स्थान पर रहा। विजेताओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान रेखा गड़िया, ब्लॉक समन्वयक दिनेश चंद्र, पूजा नेगी, राजकुमार भंडारी, कौशल गुणवंत, राजपाल सिंह नेगी, केडी सिंह, सत्यदेव आदि मौजूद रहे।