🔳दोपांखी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण के कार्य में प्रभावित थी आवाजाही
🔳दिनभर में एक एक घंटे रोका जा रहा था यातायात
🔳जल्द रणनीति होगी तैयार, दोबारा शुरु किया जाएगा कार्य
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
अल्मोड़ा हल्द्वानी हाइवे पर बीते पंद्रह दिनों से दोपांखी क्षेत्र में हाइवे चौड़ीकरण कार्य पर कुछ दिन के लिए ब्रेक लग गया है। अब फिलहाल अगले कुछ दिनों तक हाइवे पर बिना रुके यातायात सुचारु रहेगा। एनएच के अधिशासी अभियंता विजय कुमार के अनुसार जल्द रणनीति तैयार कर दोबारा कार्य शुरु किया जाएगा।
तीन वर्ष पूर्व आपदा से ध्वस्त हाइवे को दोपांखी क्षेत्र में चौड़ा कर टू लेन बनाया जाना है। बीते पंद्रह अक्टूबर को एनएच प्रशासन ने थुआ की पहाड़ी काट हाइवे को चौड़ा करने का कार्य शुरु किया। बकायदा हाईवे पर एक एक घंटे के लिए यातायात भी रोका गया। मंगलवार को प्रशासन से मिली समय सीमा खत्म हो जाने के बावजूद कार्य पूरा नहीं हो सका। कछुआ गति से हो रहे कार्य से अभी पहाड़ी का कुछ हिस्सा ही काटा जा सका है। इस बीच हाइवे पर आवाजाही कर रहे लोगों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ी। जाम लगने से आए दिन मरीजों को ले जा रही एम्बुलेंस वाहन भी फंसी। अब एनएच प्रशासन ने फिलहाल कुछ दिन कार्य रोकने का निर्णय लिया है। बुधवार से हाइवे पर बिना रुके यातायात सुचारु रहेगा। एनएच के अधिशासी अभियंता विजय कुमार के अनुसार जल्द रणनीति तैयार कर दोबारा चौड़ीकरण का कार्य सुचारु किया जाएगा।




