🔳 दो वर्ष पूर्व गांवों में पाइप बिछाकर कर डाली इतिश्री
🔳बूंद बूंद पानी को तरस रहे गरजोली व ज्योग्याडी़ गांव के बाशिंदे
🔳जल्द आपूर्ति सुचारु न होने पर ग्रामीणों ने किया आंदोलन का ऐलान
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))
उत्तरवाहिनी शिप्रा नदी से तमाम गांवों को पेयजल आपूर्ति को करोड़ों रुपये की लागत से बनी बारगल – कफूल्टा पंपिग पेयजल योजना का लाभ न मिलने से ग्रामीणों में गहरा रोष व्याप्त है। आरोप लगाया की दो वर्ष पूर्व लाइन बिछाए जाने के बावजूद आज तक गांवों में पेयजल आपूर्ति शुरु नहीं की जा सकी है। पेयजल संकट से लोग परेशान हैं।
बेतालघाट ब्लॉक के बारगल, कफूल्टा, गरजोली, जजूला, ज्योग्याडी समेत तमाम गांवों में पीने के पानी का सूखा खत्म करने को सरकार ने शिप्रा नदी पर पेयजल पंपिग योजना के लिए लगभग सात करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया। योजना से गांवों के बाशिंदों को लाभ मिलने की उम्मीद जगी पर विभागीय लापरवाही से दो वर्ष से भी ज्यादा का समय बीत जाने के बावजूद गरजोली व ज्योग्याडी़ गांव में पेयजल आपूर्ति शुरु नहीं हो सकी है। करोड़ों रुपये की योजना से तीन सौ से भी अधिक परिवार परेशान है। स्थानीय उमेश शर्मा ने आरोप लगाया की दो वर्ष पूर्व महज पाइप बिछाकर इतिश्री कर दी गई है। पानी न मिलने से गांव के लोग परेशानी का सामना करने को मजबूर हैं बावजूद सुध नहीं ली जा रही। महज आश्वासन दिया जा रहा है। गोधन सिंह बर्गली, रघुराज सिंह बर्गली, हीरा गिरी, भास्कर गरजोला, भुवन चंद्र, शिवदत्त आदि ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई है। चेतावनी दी है की यदि जल्द आपूर्ति सुचारु नही की गई तो फिर ग्रामीणों को साथ लेकर आंदोलन का बिगूल फूंक दिया जाएगा। जल निगम के अवर अभियंता नरेंद्र भारती के अनुसार गांवों में कार्य गतिमान है।जल्द आपूर्ति सुचारु की जाएगी।




