🔳 रातीघाट – बेतालघाट मोटर मार्ग पर ठप हुई आवाजाही
🔳 दूध व सब्जी से लदे वाहन जहां तहां फंसे
🔳 लोडर मशीन की मदद से बामुश्किल हटाया जा सका मलबा
🔳 यातायात सुचारु होने के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]

बारिश के साथ ही कमजोर पहाड़ियों के दरकने का सिलसिला भी शुरु हो गया। रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर नौडा गांव के समीप पहाड़ी से हुए भूस्खलन से बारह घंटे आवाजाही ठप हो गई। लोडर मशीन की मदद से बामुश्किल मलबा हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। आवाजाही ठप होने से गांवों के लोगों को तमाम दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बीते शुक्रवार को हुई बारिश से रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर मध्यरात्रि नौडा गांव के समीप पहाड़ी से एकाएक भूस्खलन हो गया। भूस्खलन से पहाड़ी से भारी मलबा व बोल्डर रातीघाट बेतालघाट मोटर मार्ग पर आ गिरे। सुबह आवाजाही को निकले लोग फंस गए। देखते ही देखते दोनों ओर छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। आवाजाही ठप होने से गांवों से दूध व सब्जियां लेकर बाजार जा रहे दुग्ध उत्पादक व किसानों के वाहन भी जाम में फंसे गए। बीडीसी प्रतिनिधि विजय कुमार ने मलबे को हटाए जाने के लिए लोनिवि के अधिकारियों से संपर्क साध। सूचना पर मौके पर पहुंची लोडर मशीन की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरु किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर एक बजे के आसपास बामुश्किल मलबा हटाए जाने के बाद यातायात सुचारु हो सका। आवाजाही शुरु होने से यात्रियों व स्थानीय लोगो ने राहत की सांस ली। पहाड़ी से हुए भूस्खलन के बाद अब खतरा बढ़ गया है। खतरा बढ़ जाने से आवाजाही भी खतरनाक हो गई है।