🔳 धरातल के हालात विशेषज्ञों का कर रहे मोहभंग
🔳 मूलभूत सुविधाएं व व्यवस्था की बाध्यता भी है एक कारण
🔳 बेवजह का दबाव व कार्यों में दखल भी परेशानी
🔳 पीजी के बाद वापसी मूल तैनाती स्थल पर न होना भी बड़ा संकट
[[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]]
पहाड़ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती को लेकर पहाड़ के लोग आंदोलित है। सरकार यू कोड वी पे के फार्मुले पर काम कर रही है बावजूद विशेषज्ञ पहाड़ चढ़ने को तैयार नहीं है। विशेषज्ञ चिकित्सकों का पहाड़ में सेवा देने से मोहभंग होता जा रहा है। हालातों से स्पष्ट है की इसके लिए कहीं न कहीं धरातल के हालात भी जिम्मेदार है। जिसका खामियाजा सिर्फ और सिर्फ गांवों के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। बेहतर आवास, सुविधाओं की कमी समेत तमाम अन्य कारण विशेषज्ञों को पहाड़ चढ़ने से रोक दें रहे हैं।
पहाड़ के लोग स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर पहाड़ सी चुनौतियों का सामना करने को मजबूर हो चुके हैं। तमाम जद्दोजहद के बावजूद पहाड़ के अस्पताल महज रेफर सेंटर बन चुके हैं। अधिकांश अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद वर्षों से रिक्त पड़े हैं। कभी तैनाती होती भी है तो कुछ महीने सेवा देने के बाद विशेषज्ञ चिकित्सक वापसी की राह पकड़ लेते हैं। चिकित्सकों को पहाड़ चढ़ाने के लिए यू कोड वी पे जैसे फार्मूले सामने आ रहे हैं बावजूद विशेषज्ञ चिकित्सकों का संकट बरकरार है। धरातल की स्थिति पर नजर डालें तो हालात वाकई विकट है। ऐसी कोई व्यवस्था धरातल पर नहीं जिससे विशेषज्ञ पहाड़ पर रुक सके। अस्पतालों के समीप बने आवास अनदेखी से बदहाल है। पेयजल समेत अन्य सुविधाओं का बुरा हाल है। विशेषज्ञ चिकित्सक की तैनाती हो जाने के बाद दो से तीन दिनो के लिए एक से दूसरे अस्पतालों में व्यवस्था के विशेषज्ञ चिकित्सकों को भेजना भी विशेषज्ञ चिकित्सक के लिए चुनौती बन जाता है। छोटे छोटे बातों को मुद्दा बनाकर सफेदपोशों का चिकित्सकों के खिलाफ मोर्चा खोल देने से भी चिकित्सक सेवा देने से कतराने लगे हैं। वहीं सबसे महत्वपूर्ण नितियों भी कहीं अधिक जिम्मेदार है। नाम न छापने की शर्त पर स्वास्थ्य कर्मी ने बताया की दुर्गम से चिकित्सक मेडिकल डिग्री (पीजी) के लिए चले तो जाते हैं पर पीजी के बाद चिकित्सकों को मूल तैनाती स्थल पर न भेजकर उसे दूसरे अस्पताल में तैनाती दे दी जाती है जिससे चिकित्सकों का संकट खड़ा होना लाजिमी है। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल प्रदेश उपाध्यक्ष विरेन्द्र सिंह बिष्ट के अनुसार धरातल पर भी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाना महत्वपूर्ण है ताकी विशेषज्ञ चिकित्सकों को सुविधाएं मिल सके। क्षेत्रीय जन विकास संघर्ष समिति के कुबेर सिंह जीना, मनीष तिवारी, गजेन्द्र सिंह नेगी, गोविंद सिंह, पंकज नेगी, मनोज नैनवाल, भारतेन्दु पाठक, हरेन्द्र सिंह ने विशेष चिकित्सकों की पहाड़ में तैनाती के लिए व्यवस्थाओं को चाक चौबंद किए जाने की मांग उठाई है ताकि विशेषज्ञ चिकित्सक पहाड़ में सेवाएं दे सके।




