🔳 आड़ू, पुलम व खुमानी के साथ मटर की उपज हुई तहस नहस
🔳 खेतों की हालत देख गांव के किसान हुए मायूस
🔳 बेहतर पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे थे कास्तकार
🔳 क्षेत्रवासियों ने मुआवजा उपलब्ध कराने की उठाई मांग
[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]

ओलावृष्टि व अंधड़ ने रामगढ़ ब्लॉक के तितोली गांव में किसानों के सपनों को चकानाचूर कर डाला है। आड़ू, पुलम, खुमानी की उपज के साथ ही मटर की फसल को भी ओलावृष्टि ने तहस नहस कर डाला है। नुकसान से फल व सब्जी उत्पादक पट्टी के किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें गहरा गई है। बेहतर पैदावार की उम्मीद लगाए बैठे किसान फसल के गिरने से मायूस हो चुके हैं।
फल व सब्जी उत्पादक पट्टी के रुप में खास पहचान रखने वाले तितोली व आसपास के गांवों में बीते रोज हुई ओलावृष्टि व अंधड़ से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है‌। अच्छी पैदावार होने से बेहतर मुनाफे की उम्मीद लगाए बैठे किसानों के सपनों को ओलावृष्टि व अंधड़ ने नेस्तनाबूत कर डाला है। ओलावृष्टि के बाद आड़ू, पुलम व खुमानी की उपज को जमीन में गिरा देख किसान मायूस हैं वहीं मटर की फसल को भी भारी नुकसान पहुंचा है‌। ओलो ने मटर की उपज को क्षतिग्रस्त कर डाला है। मौसम के एकाएक बदलें मिजाज ने किसानों को चिंता में डाल दिया है। किसानों को लाखों रुपये के नुकसान का अंदेशा है‌। स्थानीय नंदन सिंह, महेंद्र सिंह, गिरीश सिंह, घनश्याम, बालम सिंह आदि किसानों के अनुसार हाड़तोड़ मेहनत के बाद अब फलों व सब्जियों से मुनाफे को उम्मीद थी पर तेज बारिश व अंधड़ ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया है‌ स्थानीय लोगों ने किसानों को नुकसान का उचित मुआवजा दिए जाने की मांग उठाई है।