◾मोटर मार्ग पर जगह जगह दरारें गहराने से खतरा हुआ दोगुना
◾ बरसाती नाले उफान में आने से आवाजाही हुई खतरनाक
◾ जेसीबी मशीन से मलबा व पत्थर हटाने की कवायद शुरु
((( टीम तीखी नजर की रिपोर्ट)))

बेतालघाट ब्लॉक मुख्यालय से रामनगर समेत तमाम गांवों को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण रामनगर बेतालघाट मोटर मार्ग पर भारी बारिश से जगह जगह भूस्खलन होने से कई घंटे आवाजाही ठप हो गई। तमाम गांवों का ब्लॉक मुख्यालय से संपर्क टूट गया। जेसीबी मशीन से मलबा हटाए जाने के की कवायद शुरु की गई है। जगह जगह पहाड़ियां दरकने से खतरा बना हुआ है।
कुछ दिनों तक मौसम के शांत रहने के बाद गुरुवार शाम एक बार फिर बारिश ने रफ्तार पकड़ ली। देर रात करीब 11 बजे के आसपास हुई मुसलाधार बारिश से रामनगर – बेतालघाट मोटर मार्ग पर पहाड़ीयों से जगह जगह भूस्खलन हो गया। कई बरसाती नाले भी उफान पर आ गए। मोटर मार्ग पर मलबा व पत्थर इकठ्ठा होने से मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप हो गई। बिसगुली, अमेल, कटिमी गजार आदि क्षेत्रों में सड़क मलबे से पट गई। जगह जगह बरसाती नाले उफान में आने से हालात और बिगड़ गए। मोटर मार्ग पर आवाजाही ठप होने से तमाम गांवों का संपर्क ब्लॉक मुख्यालय बेतालघाट से टूट गया। मोटर मार्ग पर आवाजाही करने वाले यात्रियों को खतरे की बीच पैदल ही गंतव्य को दूरी नापनी पड़ीं। मोटर मार्ग पर कई जगह भूधंसाव होने से सड़क पर दरारें भी गहरा गई है। लोनिवि के कर्मचारियों ने जेसीबी मशीन से मोटर मार्ग खोलने की कवायद शुरु की। दोपहर में बामुश्किल मलबा व पत्थर हटा आवाजाही सुचारु करने का प्रयास किया गया। लगातार पहाड़ियों के दरकने से खतरा बढ़ता ही जा रहा है। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि प्रेम गिरी गोस्वामी ने मोटर मार्ग को दुरुस्त किए जाने की पुरजोर मांग उठाई है।

error: Content is protected !!