🔳 क्षेत्रीय अधिकारी ने देखे अभिलेख, बयान किए दर्ज
🔳 उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी जांच रिपोर्ट
🔳 शिकायतकर्ता के मौके पर पहुंचने पर फिर गरमाया माहौल
🔳 विभागीय अधिकारी ने दिलाया निष्पक्ष जांच का भरोसा
[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]]
सरकार से मिलने वाले आपदा के राशन में अनियमितता का आरोप लगने के बाद खाद्यान्न विभाग हरकत में आ गया है। मामले के तूल पकड़ने के बाद विभाग के क्षेत्रीय अधिकारी ने मामले की जांच शुरु कर कोटेदार की दुकान पर पहुंच अभिलेखों की जांच कर बयान दर्ज किए। क्षेत्रीय अधिकारी के अनुसार रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
रामगढ़ ब्लॉक के बजूठिया गांव निवासी करन सिंह नेगी ने बीते बुधवार को ग्रामीणों के साथ भियालगांव स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता पर राज्य सरकार से मिलने वाला राशन उपलब्ध न कराने जाने का आरोप लगाया। कोटेदार व ग्रामीणों के बीच तीखी बहस भी हुई। आरोप लगा की तीन महीने के राशन का अंगूठा तो लगवा लिया गया पर अगस्त का राशन उपलब्ध ही नहीं करवाया गया। गरीबों के हक के राशन की कालाबाजारी करने का आरोप भी लगा। ग्रामीणों ने रशीद तक उपलब्ध न कराए जाने पर गहरी नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारियों को मामले की जानकारी दे जांच की मांग भी उठाई। हरकत में आए क्षेत्रिय अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने मामले को गंभीरता से जांच शुरु कर दी है। क्षेत्रिय अधिकारी ने भियालगांव स्थित सस्ता गल्ला विक्रेता की दुकान पर पहुंच अभिलेखों की जांच की। लोगों के बयान भी दर्ज किए गए। क्षेत्रीय अधिकारी के पहुंचने की सूचना पर शिकायतकर्ता भी ग्रामीणों को लेकर मौके पर पहुंच गए। मौके पर एक बार भी तीखी बहस हुई। बाद में बामुश्किल मामला शांत हुआ। करन नेगी ने कहा की मनमानी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। क्षेत्रीय अधिकारी सुरेन्द्र सिंह बिष्ट ने बताया की जांच की गई है। रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।




