🔳 शहीद के आंगन की पवित्र मिट्टी भेजी गई सैन्यधाम
🔳 रातीघाट से कैंची धाम तक निकली शहीद सम्मान यात्रा
🔳 आवास पर हुए कार्यक्रम में बलिदानी सपूत को दी गई श्रद्धांजलि
🔳 आसपास के गांवों से पहुंचे सैकड़ों लोग
🔳 पांच अक्टूबर को लैंसडाउन में शहीद के स्वजनों का सम्मान करेंगे मुख्यमंत्री
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]
मां भारती की आन, बान, शान में सर्वोच्च न्यौछावर करने वाले शहीद लांस नायक (सेना मेडल) संजय सिंह बिष्ट के जयकारों से कोसी घाटी गूंजायमान हो उठी। शहीद सम्मान यात्रा 2.0 के तहत बलिदानी सपूत के आंगन की पवित्र मिट्टी ताम्र कलश में एकत्र कर सैन्यधाम भेजी गई। रातीघाट से कैंची धाम तक निकली सम्मान यात्रा में सैकड़ों लोगों ने भागीदारी की।
जम्मू के राजौरी में आपरेशन रक्षक के तहत आतंकियों को खदेड़ने में अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले जांबाज लांस नायक शहीद संजय सिंह बिष्ट के अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर रातीघाट स्थित आवास पर गुरुवार को शहीद सम्मान यात्रा के तहत हुए कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद अजय भट्ट तथा विधायक सरिता आर्या समेत तमाम लोगों ने शहीद संजय के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने कहा की बलिदानी सपूत संजय ने अपने प्राणों को न्यौछावर कर देश की रक्षा की। बलिदानी सपूत के पिता देवेंद्र सिंह, माता मंजू देवी, भाई नीरज बिष्ट ने आंगन की पवित्र मिट्टी ताम्र कलश में एकत्र कर जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी कर्नल (अवकाश प्राप्त) रमेश सिंह को सौंपी। जिला सैनिक कल्याण व पुनर्वास अधिकारी ने बताया की जांबाज शहीद के घर की पवित्र मिट्टी को सैन्य धाम में स्थापित किया जाएगा। लैंसडाउन में 5 अक्टूबर को प्रस्तावित कार्यक्रम में प्रदेश के सीएम पुष्कर सिंह धामी शहीदों के स्वजनों को सम्मानित करेंगे। शहीद सम्मान यात्रा के दौरान बलिदानी सपूत संजय के जयकारों से समूचा माहौल गुंजायमान हो उठा। इस दौरान एसडीएम मोनिका, तहसीलदार नेहा, ब्लॉक प्रमुख अंकित साह, कुंदन चिलवाल, नरेंद्र बिष्ट, प्रकाश आर्या, भावना मेहरा, यशपाल आर्या, संजय सिंह, मोहित सिंह बिष्ट, तारा सिंह, पंकज पंत, रमेश सुयाल, गोविंद सिंह नेगी समेत सैकड़ों लोग मौजूद रहे।




