🔳 खैरना चौराहा व चमड़ियां बाजार में जलवाए गए अलाव
🔳 शीतलहर से बचाव को दस जरुरतमंदों को बांटे कंबल
🔳 प्रशासन के प्रयासों को व्यापारियों ने बताया सराहनीय
🔳 सुबह शाम कड़ाके के ठंड से लोगों का जीना हुआ दुश्वार
[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]
कोसी घाटी में हाड़ कंपा देने वाली से बचाव को श्री कैंची धाम तहसील प्रशासन ने जरुरतमंदों को कंबल वितरित करने शुरु कर दिए है साथ ही बाजार क्षेत्र में राहगीरों के लिए अलाव की सुविधा भी उपलब्ध करा दी है। तहसील प्रशासन के अलाव व कंबल वितरित किए जाने पर प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
कोसी घाटी में सुबह शाम की कड़ाके की ठंड से आमजन परेशान हैं। दिन ढलने के साथ ही बाजारों में सन्नाटा पसर जा रहा है। सुबह भी धूप निकलने के बाद ही बाजार में चहल-पहल दिख रही है। लगातार बढ़ रही ठंड व शीतलहर से बचाव को जरुरतमंदों को राहत दिलाने को तहसील प्रशासन ने भी कदम बढ़ा दिए हैं। विशेष अभियान चलाकर दस जरुरतमंदों को चिह्नित कर एक एक कंबल उपलब्ध करवा दिया गया है। कंबल मिलने से जरुरतमंदों ने राहत की सांस ली है। अल्मोड़ा हल्द्वानी हाईवे पर आवाजाही करने वाले लोगों के लिए खैरना चौराहा तथा चमड़ियां बाजार क्षेत्र में अलाव भी स्थापित कर दिए गए हैं। राजस्व उपनिरीक्षक मोहम्मद शकील के अनुसार पहले चरण में धनियाकोट व मझेडा पट्टी में रहने वाले जरुरतमंदों को कंबल उपलब्ध कराए गए हैं। अन्य क्षेत्रों में भी जल्द कंबल वितरण शुरु किया जाएगा। बाजार में अलाव भी जला दिए गए हैं। प्रांतीय नगर उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी ने गरमपानी मुख्य बाजार क्षेत्र में अलाव जलवाए जाने की मांग उठाई है।
