🔳 पहले मैच में नथुवाखान, दूसरे में मुक्तेश्वर को दी करारी शिकस्त
🔳 हेम व राहुल उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर बने मैन ऑफ द मैच
🔳 सैकड़ों खेलप्रेमियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
🔳 मोना के हिमगिरि स्टेडियम में खेले जा रही क्रिकेट चैम्पियनशिप
[[[[[[[[[[ टीम तीखी नजर की रिपोर्ट ]]]]]]]]]]]

रामगढ़ ब्लॉक के मोना क्षेत्र में स्थित हिमगिरि स्टेडियम में खेली जा रही क्रिकेट चैम्पियनशिप रोमांचक दौर में पहुंच गई है। लोधिया इलेवन ने अपने ग्रुप के दो मुकाबलों में शानदार जीत दर्ज कर अगले चक्र में प्रवेश कर लिया है। किक्रेट चैम्पियनशिप में खेले जा रहे रोमांचक मुकाबलों का लुत्फ उठाने आसपास के गांवों से रोजाना सैकड़ों खेलप्रेमी हिमगिरि स्टेडियम पहुंच खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं।
मंगलवार को स्व. गीता देवी मेमोरियल क्रिकेट चैम्पियनशिप का पहला मुकाबला नथुवाखान व लोधिया इलेवन के बीच खेला गया। टाॅस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी नथुवाखान की टीम ने निक्कू के 28 गेंदों में आक्रामक 53 रन की बदौलत 13.3 ओवर में 111 रन का स्कोर खड़ा किया। लोधिया इलेवन के हेम ने घातक गेंदबाजी का प्रदर्शन कर चार जबकि राहुल व शक्ति ने दो दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी लोधिया इलेवन ने 9.1 ओवर में महज तीन विकेट के नुकसान पर मैच जीत लिया। विजेता टीम के पंकज ने अपनी टीम के लिए 38, अर्जुन ने 34 तथा हेम ने नाबाद 21 रन की पारी खेली। हरफनमौला प्रदर्शन पर हेम मैन ऑफ द मैच चुने गए। दुसरे मुकाबले में लोधिया इलेवन ने मुक्तेश्वर इलेवन को करारी शिकस्त दी। लोधिया इलेवन के गेंदबाजों के सामने मुक्तेश्वर की टीम शुरुआत से ही लड़खड़ा गई और 11वें ओवर में महज 57 रन ही बना सकी। लोधिया इलेवन ने महज सात ओवर में तीन विकेट के नुकसान पर विजयी लक्ष्य हासिल कर लिया। विजेता टीम के राहुल मैन ऑफ द मैच चुने गए। अतिथियों ने विजेता टीम के खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

error: Content is protected !!